देहरादून। रायपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप में स्कूटर सवार बदमाश ने रुपयों से भरे बैग पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से स्कूटर सवार युवक के बारे में जानकारी हासिल की है।
गिरीश गैरोला
रायपुर थाना प्रभारी अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि लाडपुर स्थित कान्हा फ्यूल सेंटर में बुधवार को कर्मचारी काम पर व्यस्त थे। इसी दौरान कर्मचारी ने पेट्रोल बिक्री के बाद कैश को बैग में रखकर फीलिंग मशीन पर लटका रखा था। करीब दस बजे कर्मचारियों ने देखा कि वहां रखा बैग गायब है। इससे वहां हड़कंप मच गया। इसकी सूचना कर्मचारियों ने पेट्रोल पंप मालिक नीरज कुमार पुत्र मोहनलाल और रायपुर थाना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे एसओ अमरजीत सिंह रावत ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस ने पेट्रोल पंप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। पुलिस ने देखा कि करीब दस बजे एक स्कूटर सवार युवक पेट्रोल पंप परिसर में पहुंचा था। स्कूटर सवार युवक ने फीलिंग मशीन में रखे बैग को चोरी कर लिया और वहां से फरार हो गया। पुलिस अफसरों ने वायरलैस सेट के माध्यम से सभी थाना और कोतवाली पुलिस को स्कूटर के नंबर और रंग बताकर चेकिंग के निर्देश दिए। पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन आरोपी का पता नहीं चल सका।
एसओ अमरजीत सिंह ने बताया कि बैग में तीन-चार हजार रुपये थे। उन्होंने बताया कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
