भाजपा ने नरेश बसंल को घोषित किया उत्तराखंड से राज्यसभा सीट का उम्मीदवार

Share Now

देहरादून। उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा ने सोमवार देर रात प्रत्याशी घोषित कर दिया। राज्य बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष नरेश बंसल को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है। बंसल मंगलवार को नामांकन दाखिल करेंगे। मंगलवार को ही नामांकन का अंतिम दिन भी है। विधानसभा में भाजपा का तीन-चैथाई से अधिक बहुमत होने से बंसल की जीत तय है।

उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट आगामी 25 नवंबर को रिक्त हो रही है। कांग्रेस के सांसद राज बब्बर अभी इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। विधानसभा के गणित के लिहाज से अब यह सीट कांग्रेस के हाथ से निकलना तय है। 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 57 विधायक हैं। हालांकि कांग्रेस पहले ही अपना प्रत्याशी न उतारने की घोषणा कर चुकी है।इस सीट के लिए पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। बहुगुणा के नेतृत्व में ही मार्च 2016 में नौ विधायकों ने कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होकर तत्कालीन हरीश रावत सरकार को संकट में डाल दिया था। बहुगुणा ने इसके बाद विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा। उनके पुत्र सौरभ बहुगुणा को भाजपा ने टिकट दिया। सौरभ बहुगुणा मौजूदा विधानसभा के सदस्य हैं। बहुगुणा को इसके बाद लोकसभा चुनाव में भी मौका नहीं मिला। इससे सियासी गलियारों में चर्चा थी कि कमिटमेंट के तहत बहुगुणा को भाजपा इस बार राज्यसभा भेज सकती है।बहुगुणा के अलावा पार्टी के केंद्रीय कार्यालय सचिव महेंद्र पांडे, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, पूर्व सांसद बलराज पासी और नरेश बंसल के नाम पैनल में शामिल किए गए थे। इन सबको पीछे छोड़ते हुए बंसल दावेदारी में बाजी मार ले गए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने बताया कि नरेश बंसल मंगलवार को नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री, वह स्वयं और देहरादून में मौजूद मंत्री व विधायक उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी लोगों से सुबह साढ़े नौ बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में एकत्र होने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!