देहरादून। उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे के भीतर 103 नए कोरोना संक्रमित मामले मिले और चार मरीजों की मौत हुई है। सात जिलों में कोई नया संक्रमित मामला नहीं मिला है। कुल संक्रमितों की संख्या 96384 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को 7586 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। दो सप्ताह के बाद एक दिन में सौ से ज्यादा संक्रमित मामले मिले हैं। 24 जनवरी के बाद से प्रदेश में रोजाना सौ से कम कोरोना संक्रमित मिल रहे थे। देहरादून जिले में 67 कोरोना मरीज मिले हैं। नैनीताल जिले में 16, हरिद्वार में आठ, ऊधमसिंह नगर में सात, पिथौरागढ़ में तीन, अल्मोड़ा जिले में दो संक्रमित मिले हैं। गुरुवार को प्रदेश में चार संक्रमितों की मौत हुई। एम्स ऋषिकेश में एक, कैलाश हॉस्पिटल में एक, सिनर्जी हाॅस्पिटल में एक, अरिहंत हाॅस्पिटल में एक मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ा है। प्रदेश में 1659 मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, 92 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया है। इन्हें मिलाकर 92372 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में 1002 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है।
——————————————————–
प्रदेश में 53953 हेल्थ वर्करों का टीकाकरण किया जा चुका
देहरादून। प्रदेश में कोरोना टीकाकरण अभियान को 20 दिन पूरे हो गए हैं। पहले चरण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अब रोजाना स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जा रही है। प्रदेश में करीब 53953 हेल्थ वर्करों का टीकाकरण किया जा चुका है। सात फरवरी तक स्वास्थ्य विभाग को हर हाल में पहले चरण का टीकाकरण पूरा करना है। अगले सप्ताह से फ्रंट लाइन वर्करों को वैक्सीन लगाई जाएगी।
राज्य कोविड कंट्रोल रूम के चीफ आपरेटिंग आफिसर डॉ. अभिषेक त्रिपाठी का कहना है कि वैक्सीन लगवाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों का उत्साह बढ़ रहा है। प्रदेश में टीकाकरण अभियान का 61.59 प्रतिशत लक्ष्य हासिल हो चुका है। उत्तराखंड में दूसरे चरण के टीकाकरण के लिए तैयारी तेज हो गई है। उत्तराखंड को एक लाख 40 हजार खुराक और मिली है। दूसरे चरण में पुलिस, प्रशासन, नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पूर्ति विभाग समेत अन्य विभागों का टीकाकरण शुरू होगा।
