प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 584 नए मामले सामने आए, 9 की मौत

Share Now

देहरादून। राज्य में शनिवार को कोरोना संक्रमण के 584 नए मामले सामने आए, जबकि नौ संक्रमितों की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में कुल मरीजों की संख्या 85853 हो गई है। 77326 मरीज पूरी तरह ठीक हो चुके हैं जबकि मृतकों का आंकड़ा 1408 पहुंच गया है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार अल्मोड़ा में 18, बागेश्वर में पांच, चमोली 14, चम्पावत में 18, देहरादून में 199, हरिद्वार में 29, नैनीताल में 125, पौड़ी गढ़वाल में 35, पिथौरागढ़ में 15, रुद्रप्रयाग में 18, टिहरी में 35, यूएस नगर में 40 जबकि उत्तरकाशी जिले में 33 मरीजों में कोरोना वायरस की पहचान हुई है।
शनिवार को एम्स ऋषिकेश में एक, दून मेडिकल कॉलेज में दो, हिमालयन हास्पिटल में दो, वेलमेड हॉस्पिटल देहरादून में दो, महंत इंद्रेश अस्पताल में एक और नीलकंठ अस्पताल हल्द्वानी में भर्ती संक्रमित की मौत हो गई। राज्य के विभिन्न अस्पतालों से कुल 556 मरीजों को इलाज के बाद अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया। इसके साथ ही राज्य में ठीक होने वाले कुल मरीजों की संख्या 73326 हो गई है। जबकि 6074 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
राज्य के विभिन्न अस्पतालों से 15 हजार दो सौ से अधिक मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। 15 हजार से अधिक की रिपोर्ट नेगेटिव आई जबकि 17 हजार से अधिक सैंपलों की रिपोर्ट आना अभी बाकी है। राज्य में संक्रमण की दर 5.36 प्रतिशत जबकि मरीजों के ठीक होने की दर 90.07 प्रतिशत रह गई है। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए राज्य में कुल 19 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की मृत्यु दर राष्ट्रीय औसत से अधिक हो गई है। राज्य में मृत्यु की दर 1.64 प्रतिशत चल रही है। जबकि देश में कोरोना मरीजों की मृत्यु की औसत दर 1.45 प्रतिशत है।

सीएम के अपर सचिव समेत चार अन्य कोरोना पाॅजीटिव पाए गए

देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत, उनकी पत्नी व बेटी के बाद अब उनके अपर सचिव प्रदीप रावत समेत चार अन्य कोरोना पाजिटिव पाए गए। सभी स्वस्थ हैं और आइसोलेट हो गए हैं।
सीएम त्रिवेंद्र, उनकी पत्नी और बड़ी बेटी व रसोई के एक कर्मचारी शुक्रवार को संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद सभी होम आइसोलेशन में चले गए। शनिवार को चिकित्सकों के एक दल ने सीएम आवास पहुंच सीएम व परिजनों का चेकअप किया।
वे सभी स्वस्थ पाए गए। चिकित्सकों ने एहतियात के तौर पर वहां आक्सीजन सिलेंडर भी रखवा दिया है। चिकित्सकों की टीम ने कल सीएम आवास व सीएम सचिवालय में तैनात ओएसएडी, निजी सचिव समेत 50 कर्मचारियों के सैंपल लिए थे। इनमें से चार की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इनमें सीएम के अपर सचिव प्रदीप रावत, वरिष्ठ प्रमुख निजी सचिव केके मदान व दो अन्य कर्मचारियों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। सभी आईसोलेट हो गए हैं। सीएम सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों के आज भी सैंपल लिए हैं। चिकित्सकों की टीम ने शनिवार को सीएम आवास व सचिवालय स्थित दफ्तर को सेनेटाइज किया है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!