राज्य में सोमवार को 592 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले, 12 की मौत

Share Now

देहरादून। उत्तराखंड में सोमवार को 592 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। वहीं, सक्रमित मरीजों की मृत्यु दर में रिकॉर्ड बना है। पांच महीने में पहली बार एक ही दिन में 12 मरीजों की मौत हुई है। आज 604 मरीजों को ठीक होने पर घर भेजा गया है। प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 20 हजार पार पहुंचने को है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, सोमवार को 10109 सैंपल निगेटिव मिले हैं। वहीं, 592 सैंपलों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। नए संक्रमित मामलों से ज्यादा कोरोना मरीज ठीक हुए हैं। देहरादून जिले में सबसे अधिक 149 कोरोना संक्रमित मिले हैं। हरिद्वार में 138, नैनीताल में 99, ऊधमसिंह नगर में 58, टिहरी में 52, उत्तरकाशी में 41 लोग जांच में संक्रमित मिले। पौड़ी और चंपावत जिले में 13-13, अल्मोड़ा में 10, रुद्रप्रयाग में सात, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में छह-छह कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। आज सुशीला तिवारी मेडिकल कालेज हल्द्वानी में सात, एम्स ऋषिकेश में चार, दून मेडिकल कॉलेज में एक संक्रमित की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक 269 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में कुल संक्रमितों में से 13608 मरीज ठीक हो चुके हैं। जबकि 5887 सक्रिय मरीजों का उपचार चल रहा है। प्रदेश में होम आईसोलेशन और कोविड केयर सेंटर में भर्ती कोरोना संक्रमित मरीजों का केंद्र से जारी ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल के अनुसार इलाज करने के लिए शासन ने सभी जिलों को आदेश जारी किए हैं। जिलाधिकारियों और सीएमओ को निर्देश दिए गए कि प्रोटोकॉल के अनुसार मरीजों को दवाईयां दी जाएं। सोमवार को प्रभारी सचिव स्वास्थ्य डॉ. पंकज कुमार पांडेय की ओर से जारी आदेश के अनुसार कोरोना संक्रमित लक्षण रहित और कम लक्षण वाले मरीजों के इलाज की होम आईसोलेशन और कोविड केयर सेंटर में रखने की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक मरीज को केंद्र की ओर जारी ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल के आधार पर मरीजों की दवाईयां दी जाए, जिससे संक्रमित गंभीर मरीज की श्रेणी में न आ सके। वहीं, कोरोना संक्रमित मरीजों की मृत्यु दर को कम किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!