देहरादून। प्रदेश भर में बुधवार को लॉकडाउन तोड़ने के सैकड़ों मामले सामने आए। जिसमें 335 लोगों को गिरफ्तार किया गया। जबकि कुल 51 मुकदमे अलग अलग थानों में दर्ज हुए। इसके साथ ही गिरफ्तार होने वालों की संख्या अब तक 670 हो चुकी है। बुधवार सुबह लोगों में अगले 21 दिन के लिए राशन और जरूरी चीजों को लेकर डर और आशंका दिखी। जिस कारण लोग सुबह 7 से 10 बजे के बीच बाज़ारों की ओर भागे।
गिरीश गैरोला
इसी के चलते बाज़ारों में बेवजह की भीड़ भी उमड़ी। इनमें लॉक डाउन का उल्लंघन करने वाले बड़ी संख्या में थे। जिनके खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। देहरादून में देर शाम तक पुलिस ने लॉकडाउन न मानने पर आठ लोगों को गिरफ्तार किया, वहीं हरिद्वार में गिरफ्तारी की संख्या 15 रही। रुड़की, विकासनगर में भी पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया। जबकि दर्जनों वाहनों को भी जब्त किया। टिहरी में 89 लोंगो का चालान हुआ जबकि दर्जनों वाहनों का एमवी एक्ट में चालान किया गया। इधर, कुमाऊं में लाकडाउन के उल्लंघन में बुधवार को दोपहर तक ही 89 लोगों के चालान हुए और 26 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। अल्मोड़ा में चार लोगों के खिलाफ और चंपावत में दूसरे दिन 22 लोगों के खिलाफ मुकदमे हुए हैं। हल्द्वानी में 40 लोगों के चालान हुए जबकि नैनीताल में 16 वाहनों चालान हुआ। बागेश्वर में 23 वाहनों का चालान हुआ। चम्पावत और पिथौरागढ़ में 12 से अधिक वहान सीज किए गए। स्थिति में सुधार देश भर में लॉकडाउन का भले ही बुधवार को पहला दिन रहा हो, लेकिन उत्तराखंड में कुल मिलाकर चौथा दिन लॉकडाउन रहा। चौथे दिन आते आते अब लोग संयम दिखाते नजर आने लगे हैं। बुधवार को जरूरी सामान के लिए लोग सुबह सात से दस के बीच बाहर निकले पर शेष दिन सड़कें सूनी बनी रही।
