उत्तरकाशी 04 अप्रैल 2022- प्रदेश के महामहिम राज्यपाल ले० जनरल गुरमीत सिंह ने जनपद के दो दिवसीय भम्रण के दौरान सोमवार को प्रथम दिवस में उत्तरकाशी स्थित कलक्ट्रेट परिसर के जिला सभागार में जनपद के पूर्व सैनिकों के साथ बैठक की । बैठक में विश्वनाथ पूर्व सैनिक कल्याण समिति के अध्यक्ष द्वारा जनपद में वीर नारियों एवं सिविलियन्स के कल्याणार्थं समिति द्वारा किये जा रहे कार्यों की जानकारी महामहिम को दी गयी। महामहिम ने समिति के कार्यों की सराहना की तथा आश्वस्त करते हुए कहा कि मेरे द्वारा पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों के लिए जो भी मदद सम्भव होंगी की जायेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की बेटियों को यदि पढ़ाई हेतु आर्थिक सहयोग की जरूरत हो तो बेहिचक बताए । उन्होंने समिति के सदस्यों से कहा कि भूतपूर्व सैनिक को एरोमेटिक फील्ड में कैसे लाया जा सकता है, उन्हें होमस्टे योजना से कैसे जोड़ा जा सकता है इस हेतु भी विशेष प्रयास करने की आवश्यकता है।
उन्होंने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को विभिन्न जन कल्याणकारी सरकारी योजनाओं की जानकारी पूर्व सैनिक परिवारों को देने की बात कही। इस अवसर पर समिति द्वारा महामहिम को चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया। जिनमें उत्तराखण्ड में पूर्व सैनिकों का आरक्षण राज्य सेवा में 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत किया जाय, पुलिस भर्ती में रोजगार के लिए शारीरिक भर्ती मानक पूर्व सैनिकों के लिए मानदण्ड के अनुसार हल्का होना चाहिए ,पूर्व सैनिकों को राज्य सेवा में क्लीफाइंग मार्क 45 प्रतिशत से घटाकर 35 प्रतिशत किया जाय एवं जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में तैनात उपनल कर्मियों को सातवें वेतनमान का लाभ दिया जाय मांगे शामिल हैं। महामहिम ने पूर्व सैनिकों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को पूरा किया जायेगा। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों द्वारा महामहिम को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।
इससे पूर्व महामहिम द्वारा उत्तरकाशी स्थित लोनिवि गेस्ट हाउस प्रागंण में पर्यटन, उद्योग, उद्यान, कृषि, ग्राम्य विकास, , आपदा प्रबन्धन आदि विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये विकास योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान महामहिम ने औद्यानिकी के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले पूर्व सैनिक मोहन सिंह के तीन बच्चों को रूपये 11-11 हजार की धनराशि एवं पूर्व सैनिक जयेन्द्र कन्तुरा की पुत्री दीपिका को स्कूटी देने की घोषणा की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार राय, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी जीएस चंद, पूर्व सैनिक मेजर आरएस जमनाल, सूबेदार मेजर वीरेन्द्र नेगी, सूबेदार मेजर आर एस राणा, सूबेदार मेजर विजेन्द्र सिह गुसाई, नायक खेमराज , लॉस नायक ब्रभ सिंह पंवार, हवलदार गिरधारी लाल, सूबेदार मेजर जगत सिंह पंवार, हवलदार मुरारी लाल , ऑनरेरी कैप्टन केशर चंद रमोला आदि उपस्थित थे।
