प्रदेश सरकार के प्रयासों के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ता भी प्रवासियों की मदद में जुटेंः शिवप्रकाश

Share Now

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) शिवप्रकाश ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह लॉक डाउन के कारण प्रदेश में वापस लौट रहे प्रवासियों की मदद के लिए अपने स्तर से हरसंभव प्रयास करें। भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) शिवप्रकाश ने आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के द्वारा पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व जिला अध्यक्षों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न स्थानों पर फंसे प्रवासियों की वापसी के लिए लगातार अभियान चलाए हुए है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की कोशिश है कि प्रवासियों को अपने घर तक पहुंचने में किसी प्रकार की समस्याओं का सामना न करना पड़े। साथ ही यह भी कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं को भी प्रवासियों की मदद में जुटना चाहिए। उन्होंने कहा कि दूसरे प्रांतों से अपने प्रदेश के भीतर पहुंचने पर प्रवासियों की विशेष चिंता की जाए। प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर प्रवासियों के भोजन, पानी, दवाई आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। अपने गांव में पहुंच रहे प्रवासियों को लेकर भी उन्होंने विशेष सतर्कता व सजगता की जरूरत बताई।  उन्होंने कहा कि जितना भी संभव हो, क्वारंटाइन केंद्रों की ओर भी ध्यान दें। वहां पर किसी प्रकार की सुविधा अपनी ओर से उपलब्ध करा सकते हैं, तो वह भी करें। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि पार्टी ने सभी जिला केंद्रों व प्रदेश मुख्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। प्रवासियों को किसी प्रकार की समस्या न हो इसका ध्यान रखा जा रहा है। रेल से वापस पहुंच रहे प्रवासियों की सहायता के लिए हरिद्वार और काठगोदाम रेल स्टेशन पर कार्यकर्ताओं को तैनात किया गया है, जो प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर प्रवासियों की मदद में जुटे हैं। प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय ने केंद्र सरकार द्वारा लॉक डाउन के मद्देनजर जारी आर्थिक पैकेज की चर्चा की और कहा कि केंद्र सरकार ने समाज के हर वर्ग की चिंता की है। उन्होंने केंद्र द्वारा जारी पैकेज में विभिन्न वर्गों के लिए घोषित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम आदमी तक पहुंचाने की जरूरत पर जोर दिया। कार्यक्रम का संयोजन प्रदेश प्रवक्ता विनय गोयल ने किया।FacebookTwitterShare

error: Content is protected !!