टोल प्लाजा कर्मियों द्वारा स्थानीय लोगों के साथ मारपीट पर उक्रांद आक्रोशित। एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
डोईवाला में टोल प्लाजा के कर्मचारियों द्वारा स्थानीय लोगों के साथ मारपीट किए जाने पर उत्तराखंड क्रांति दल ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
उत्तराखंड क्रांति दल के नेता शिव प्रसाद सेमवाल ने कहा कि अभी टोल प्लाजा का संचालन भी शुरू नहीं हुआ है और अभी से ही स्थानीय लोगों के साथ मारपीट और अभद्रता के मामले भी सामने आने लगे हैं जो कि निंदनीय है।
उत्तराखंड क्रांति दल के नेता वीरेंद्र थापा ने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए। उत्तराखंड क्रांति दल के जिला अध्यक्ष केंद्र पाल सिंह तोपवाल ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यदि टोल प्लाजा कर्मचारियों को स्थानीय लोगों से कोई दिक्कत हुई थी तो वह 100 नंबर पर पुलिस को फोन कर सकते थे अथवा सीधे पुलिस के पास जाकर कार्यवाही की बात कह सकते थे किंतु यह न करके सीधे स्थानीय लोगों के साथ मारपीट करना कहीं से भी सही नहीं ठहराया जा सकता।
उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय संगठन मंत्री संजय बहुगुणा ने चेतावनी दी कि यदि इसी तरीके से टोल प्लाजा कर्मचारियों की मनमानी जारी रही तो फिर वे स्थानीय जनता के साथ टोल प्लाजा स्थापित किए जाने के विरोध में ही जन आंदोलन शुरू कर देंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।
उत्तराखंड क्रांति दल की युवा मोर्चा की जिलाध्यक्ष सीमा रावत ने उप जिलाधिकारी लक्ष्मी राज सिंह चौहान से यह भी भी मांग की कि समस्त उत्तराखंड के नंबर वाले वाहनों से टोल टैक्स नहीं लिया जाना चाहिए।
उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने वालों में उत्तराखंड क्रांति दल के नेता शिव प्रसाद सेमवाल केंद्रीय संगठन मंत्री संजय बहुगुणा, वरिष्ठ नेता वीरेंद्र थापा, यूकेडी जिला अध्यक्ष केंद्र पाल सिंह तोपवाल और युवा मोर्चा की जिला अध्यक्ष सीमा रावत शामिल थी।
