-पहले अक्षय कुमार और उर्वशी रौतेला ने की तारीफ, अब टाइगर श्रॉफ ने भेजा वीडियो मैसेज
देहरादून। उत्तराखंड के युवा अपने कामों से लगातार सभी का दिल जीतते जा रहे हैं। चाहे कोई भी क्षेत्र हो, वहां पहाड़ के युवा अपने हुनर से मिसाल कायम कर रहे हैं। इन्हीं प्रतिभाशाली युवाओं में से एक हैं अभिषेक भट्ट। अभिषेक की आंखों ने भी एक सपना देखा और उस सपने को पूरा करने का जुनून उनमें सवार हो गया। अभिषेक भट्ट वो ही पहाड़ी लड़के हैं, जिनकी तारीफ बॉलीवुड के स्टार अक्षय कुमार कर चुके हैं। इसके अलावा उर्वशी रौतेला भी अभिषेक के काम की तारीफ कर चुकी हैं। अब अभिषेक को टाइगर श्रॉफ ने एक मोटोवेशनल मैसेज भेजा है और उनसे जल्द मिलने की इच्छा भी जाहिर की है। मूल रूप से टिहरी के थौलाधार के बंड्वाल गांव के रहने वाले अभिषेक भट्ट देहरादून में रह रहे हैं। अभिषेक भट्ट देहरादून के एक युवा कलाकार और व्लॉगर हैं। अभिषेक अभी तक अपनी टीम के साथ मिलकर कई म्यूजिक वीडियो, वेबसीरीज और शार्ट फिल्म बना चुके हैं. अभिषेक को उनके यूट्यूब चैनल देहरादून से भी काफी अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। अभिषेक उसमे देहरादून की खूबसूरती और तरह तरह का कंटेंट लोगो तक पहुंचाते रहते हैं। खास बात ये है कि अभिषेक एक बेहतरीन रैपर भी हैं। जब अक्षय कुमार की फिल्म टॉयलेट एक प्रेम कथा आई थी, तो अभिषेक ने एक रैप गीत गाया था। इसकी तारीफ खुद अक्षय ने भी की थी। इसके अलावा उर्वशी रौतेला की फिल्म हेट स्टोरी-4 के आशिक बनाया आपने गीत में अभिषेक भट्ट ने अपने रैप से जुगलबंदी करके भी उर्वशी का दिल जीत लिया था।
