📰 उत्तराखंड में फिर दस्तक दे रहा कोरोना, देहरादून प्रशासन अलर्ट मोड पर!
देहरादून | 25 मई 2025
राजधानी देहरादून में कोविड-19 के तीन नए मामले सामने आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। इन तीनों मामलों में संक्रमित व्यक्ति गुजरात, मुंबई और हैदराबाद से हाल ही में उत्तराखंड लौटे हैं। इनमें से एक को अस्पताल में भर्ती किया गया है, दूसरा होम आइसोलेशन में है, जबकि तीसरा संक्रमित मुंबई वापस लौट चुका है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों संग आपात बैठक कर सभी सरकारी व निजी अस्पतालों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा, “स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सतर्कता जरूरी है।”
उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पतालों में कोविड बेड, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, दवाएं और टेस्टिंग सुविधाएं जैसे RT-PCR, एंटीजन और ट्रूनेट टेस्ट पूरी तरह मुस्तैद रहें। साथ ही सभी आइसोलेशन वार्ड चिन्हित किए जाएं और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम तैयार रहे।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी दी कि एम्स ऋषिकेश में लिए गए 36 सैंपल में से केवल तीन पॉजिटिव पाए गए हैं और ये सभी बाहरी राज्यों से आए हैं। राज्य में अभी तक स्थानीय संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि लक्षण दिखने पर तुरंत टेस्ट कराएं, खुद को आइसोलेट करें और भीड़भाड़ वाले इलाकों से बचें।
बैठक में उपस्थित प्रमुख अधिकारी:
हरि गिरि (SDM), डॉ. वी. सेमवाल (ADM), डॉ. सी.एस. रावत (ACMO), एस.एम. संकला (CMS), डॉ. एम.एस. डोगरा व अन्य।
📌 Meru Raibar की अपील:
उत्तराखंड की शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और सजग रहें। कोरोना को हल्के में न लें।
