धीरेंद्र प्रताप अब मंडलीय सम्मेलन में होंगे शामिल
देहरादून/उत्तरकाशी।
उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के केंद्रीय मुख्य संरक्षक धीरेंद्र प्रताप का आगामी 12 जून का उत्तरकाशी दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में समिति के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. विजेंद्र पोखरियाल ने जानकारी देते हुए कहा कि दौरा कुछ अपरिहार्य कारणों से टालना पड़ा है, हालांकि आंदोलनकारियों की निर्धारित बैठक पूर्ववत आयोजित की जाएगी।

डॉ. पोखरियाल ने बताया कि निकट भविष्य में उत्तरकाशी में राज्य आंदोलनकारियों का गढ़वाल मंडलीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें धीरेंद्र प्रताप मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस सम्मेलन में राज्य निर्माण से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने एक बार फिर सरकार से आंदोलनकारियों की पेंशन ₹15,000 प्रति माह करने, क्षैतिज आरक्षण को तत्काल लागू करने, भू-कानून को प्रभावी बनाने और मूल निवास संबंधी विवादों का हल शीघ्र निकालने की मांग दोहराई।
डॉ. पोखरियाल ने कहा कि यदि सरकार ने आंदोलनकारियों की इन न्यायोचित मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो समिति को राज्यव्यापी जनआंदोलन की राह अपनानी पड़ेगी।
Meru Raibar राज्य आंदोलनकारियों से जुड़ी हर खबर आप तक पहुंचाता रहेगा।
