मंडलायुक्त ने मानसून काल के मद्देनजर पूर्व तैयारी की समीक्षा की

Share Now

अल्मोड़ा। आयुक्त कुमाऊं मण्डल अरविंद सिंह हयांकी ने वीडियों कान्फ्रेसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में कोविड संक्रमण की रोकथाम, उपचार एवं उससे बचाव आदि हेतु किए जा रहे कार्यों के साथ ही आगामी मानसून काल के मद्देनजर पूर्व तैयारी की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान आयुक्त ने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु अधिक से अधिक सैम्पलिंग बढ़ाई जाए। इस हेतु सभी ग्राम सभाओं में मेडिकल टीम जाकर जांच करें लक्षण वाले  प्रत्येक व्यक्ति को तत्काल दवा उपलब्ध कराई जाय। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर निगरानी टीम को और अधिक एक्टिव रखते हुए संक्रमण को खत्म करने हेतु कार्य किया जाय। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए। आयुक्त ने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के साथ ही आगामी वर्षा सत्र के दौरान जल जनित रोग, डेंगू की रोकथाम हेतु व्यापक स्तर पर सभी नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में नगर निकाय व पंचायती विभाग सेनेटाइजेशन का कार्य लगातार जारी रखा जाय साथ ही जनता को इसके प्रति जागरूक भी किया जाय।
            वीसी में आयुक्त द्वारा आगामी मानसून काल के मद्देनजर की गई पूर्व तैयारियां की भी जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी विभाग किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने हेतु अलर्ट रहें तथा किसी भी प्रकार की आपदा की घटना होने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किए जाय। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग व पीएमजीएसवाई आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सड़कों की नालियों व कलमठों को तत्काल खोलना सुनिश्चित करें साथ ही उन सड़को पर जेसीबी तैनात की जाय। आयुक्त ने आगामी मानसून सत्र के दौरान सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि खाद्यान्न आपूर्ति हेतु अभी से राशन का स्टाॅक कर लिया जाय। उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर के लिए सभी तैयारिया समय से पूर्ण कर ली जाय। आयुक्त ने जिलाधिकारी को निर्देश दिये कि अल्मोड़ा मेडिकल कालेज के निर्माणाधीन कार्य जो अधूरे है उन्हें समय से पूर्ण कर लिया जाय। इस अवसर पर आयुक्त द्वारा जिलाधिकारी व उनकी टीम को आॅक्सीजन जनरेशन प्लान्ट के चालू होने पर बधाई दी। वीसी में जिलाधिकारी नितिन सिहं भदौरिया ने जिले में कोविड संक्रमण की रोकथाम हेतु किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गयी। उन्होंने बताया कि जनपद में आॅक्सीजन जनरेशन प्लान्ट शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि कोराना रोकथाम के लिए अधिक से अधिक सैम्पलिंग की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि विकासखण्ड स्तर पर सभी चिकित्सालयों में आॅक्सीजन सिलेण्डर की उपलब्ध कराये जा रहे है। उन्होंने बताया कि कोरोना की तीसरी लहर के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक टीम का गठन कर लिया गया हैं। उन्होंने आगामी मानसून काल के दौरान किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने हेतु की गई पूर्व तैयारी के साथ ही जिले में संचालित विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर प्राचार्य मेडिकल कालेज आर0जी0 नौटियाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 सविता हयांकी, नोडल अधिकारी डा0 अजय आर्या, पीएमएस बेस चिकित्सालय डा0 एस0सी0 गड़कोटी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 योगेश पुरोहित आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!