भारतीय ग्रामोत्थन संस्था ने आयोजित किया द्रोण महोत्सव

Share Now

देहरादून। ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने सहस्त्रधारा रोड स्थित एक निजी होटल में भारतीय ग्रामोत्थन संस्था द्वारा आयोजित 10 दिवसीय ‘द्रोण महोत्सव 2026’ में प्रतिभाग किया। इस दौरान मंत्री गणेश जोशी ने विभिन्न स्टोलों का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि विगत 37 वर्षों से संस्था हस्तकला, हस्तशिल्प एवं नेचुरल फाइबर के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। विशेष रूप से मातृशक्ति को स्थानीय संसाधनों से उत्पाद निर्माण का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह प्रयास वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत की भावना को साकार करता है।
उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल एक मेला नहीं, बल्कि ग्रामीण उद्यमिता, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार का सशक्त मंच है। स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, कारीगर एवं हस्तशिल्पी अपने परिश्रम से तैयार उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय कर रहे हैं, जो उनके आत्मविश्वास और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मंत्री जोशी ने कहा कि यदि ऐसे आयोजनों में विभिन्न विभागों की सक्रिय सहभागिता हो तथा अधिक से अधिक स्टॉल उपलब्ध कराए जाएं, तो स्थानीय स्वयं सहायता समूहों को बेहतर बाजार मिलेगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि कृषि और ग्रामीण विकास योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर प्रभावी परिणाम दें। ग्राम्य विकास मंत्री जोशी ने कहा कि किसान, उद्यान उत्पादक और हस्तशिल्पी उत्तराखंड की पहचान हैं। उनके उत्पादों को उचित मंच और बाजार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मंत्री गणेश जोशी ने भारतीय ग्रामोत्थन संस्था को आयोजन की सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और आश्वस्त किया कि राज्य सरकार ऐसे प्रयासों को निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर ऐसे उत्तराखंड का निर्माण करेंगे, जहां गांव आत्मनिर्भर हों, महिलाएं सशक्त हों और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान प्राप्त हो। इस अवसर राज्यमंत्री गिरीश डोभाल, निरंजन डोभाल सुरेंद्र राणा, आशीष थापा, अनिल चंदोला सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!