देहरादून। देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा जल जीवन मिशन से जुड़े हुए ठेकेदारों द्वारा बीते 6 अप्रैल को इंदर रोड कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया गया था, उसके बाद मिशन निदेशक रोहित मीणा के अनुरोध पर सभी ठेकेदारों को सचिवालय बुलाकर एक बैठक आयोजित की गई थी जिसमें ठेकेदारों ने जल जीवन मिशन के कार्यों का भुगतान न होने एवं अन्य समस्याओं के बारे में अवगत कराया। इस बैठक को संज्ञान में रखते हुए सचिव द्वारा ठेकेदारों को एक लिखित पत्र जारी किया गया है, जिसमें उनकी सभी मांगों पर स्वीकृति लेते हुए विभाग से मिनट ऑफ मीटिंग जारी की गई है। ठेकेदारों के सभी मांगों को उल्लेखित करते हुए उन्हें आश्वासन दिया गया है कि समस्याओं का समाधान एवं बकाया भुगतान पर शासन प्रशासन गंभीरता पूर्वक विचार विमर्श कर रहा है। देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल, उपाध्यक्ष सचिन मित्तल, महा सचिव सुनील गुप्ता ने इस आश्वासन के लिए मिशन निदेशक रोहित मीणा का आभार व्यक्त किया।
