चार नए कोरोना पाॅजीटिव मामले सामने आए, प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 82 हुई

Share Now

देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना संक्रमित मामले लगातार बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को चार और नए मामले (एक देहरादून, एक पौड़ी और दो नैनीताल) से सामने आए हैं। दिल्ली से देहरादून लौटी संक्रमित महिला के बेटे में भी कोरोना संक्रमण मिला है। वहीं, गुरुग्राम से पौड़ी के कोटद्वार लौटा युवक भी संक्रमित पाया गया है। वहीं, दो संक्रमित नैनीताल में सामने आए हैं। इन्हें मिलाकर प्रदेश में संक्रमित मामलों की संख्या 82 हो गई है। जबकि 50 संक्रमित मरीज कोरोना वायरस से जिंदगी की जंग जीतकर घर लौट चुके हैं।स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश में चार नए मामले मिले हैं। दून मेडिकल कॉलेज में रिंग रोड स्थित आदर्श कॉलोनी निवासी 29 वर्षीय युवक की जांच रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि हुई है। युवक की मां भी कोरोना से संक्रमित है। दिल्ली में पथरी का इलाज कराने के बाद 12 मार्च को 52 वर्षीय महिला अपने बेटे साथ देहरादून लौटी थी। आशारोड़ी चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान महिला का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। जिसमें कोरोना संक्रमण मिला था। उसके बाद बेटे को भी आइसोलेट किया गया था, जांच में वो भी संक्रमित मिला है। संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए अन्य लोगों को भी मेडिकल जांच कर आइसोलेट किया जा रहा है।  पौड़ी जनपद के कोटद्वार निवासी 25 वर्षीय युवक में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। संक्रमित युवक दो रोज पहले ही गुरुग्राम से कोटद्वार लौटा था। गांव पहुंचने से पहले ही युवक को क्वारंटीन किया गया था। कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर बेस हास्पिटल कोटद्वार से युवक का सैंपल जांच के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया था। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पिछले एक हफ्ते में अभी तक जितने भी मरीज आए हैं वे सब प्रवासी हैं। नैनीताल में 11 वर्षीय बच्ची और एक 24 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है।

error: Content is protected !!