गलवान टकराव चीन के साथ आर्थिक सम्बन्धों पर पुनर्विचार का समयः भगत

Share Now

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी उत्तराखण्ड के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने गलवान वैली में हुई हाल की घटना को चीन की छटपटाहट करार देते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि चीन के साथ आर्थिक सम्बन्धों पर पुनर्विचार किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुरूप  देश को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि चीन चारों तरफ से घिर चुका है इसलिए अब वो ऐसा कुत्सित प्रयास कर रहा है। गलवान वैली में शहीद हुए जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए श्री भगत ने कहा कि, हमारे जवानों ने एक बार फिर ये साबित किया है कि वे दुनिया की किसी भी चुनौती से निपट सकते हैं। उनकी शहादत को कोटि कोटि नमन करता हूं। श्री भगत ने कहा कि हमारे जवान भले ही संख्या में चीन से बहुत कम थे लेकिन उन्होंने चीन की सारी अकड़ निकाल कर रख दी। चीन को यह समझ लेना चाहिए कि भारत अब उसकी आंख में आंख मिलाकर बात कर सकता है। चीन इस बात को समझ जाना चाहिए कि अब यह समझ जाना चाहिए आज का भारत 1962 का भारत नहीं है, यह 2020 का सशक्त भारत है। आज भारत का नेतृत्व मजबूत हाथों में है, इसलिए चीन पुरानी गलतियों को दोहराने की भूल न करे। अगर चीन ऐसा करता है तो उसे हर बार मुंहतोड़ जवाब मिलेगा। आज भारत ने सीमा पर मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर लिया है, आज भारत की कूटनीति की पूरी दुनिया कायल है। विश्व मे भारत की मजबूत साख बनी है। दूसरी तरफ चीन अपनी विस्तारवादी नीति के कारण चारों तरफ से घिर रहा है। इसलिए छटपटाहट में ऐसे कदम उठा रहा है। पूरी दुनिया को कोरोना देने वाले चीन के बर्बादी के दिन शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने आत्मनिर्भर भारत का जो संकल्प लिया है, उससे चीन की उम्मीदों को झटका लगा है। भारत के जनमानस में स्वदेशी अपनाने की चेतना जगी है। विदेशी सामान पर निर्भरता कम करके भारत आत्मनिर्भर बनकर रहेगा। अब समय आ गया है कि चीन के साथ व्यापारिक रिश्तों के बारे में नए सिरे से सोचा जाय। विस्तारवादी नीतियों को सबक सिखाने के लिए दुनिया की तमाम लोकतांत्रिक शक्तियों को एक साथ आना होगा। चीन को हर तरह से सबक सिखाना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!