उत्तराखंड मे पूर्ण बहुमत के बाद जहां बीजेपी मे सीएम के लिए दावेदारों के नाम की चर्चा जोरों पर है वही चुनाव से पूर्व अपनी ही पार्टी के लोगो को हराने का आरोप झेलने के बाद अब बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष को हाइ कोर्ट के नोटिस का भी जबाब देना है । हरिद्वार के चर्चित पुस्तकालय निर्माण घोटाले में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को हाईकोर्ट से नोटिस जारी हुआ है , और पुस्तकालय निर्माण पर जवाब मांगा गया है, इसके अलावा उस समय के अधिशासी अभियंता आरईएस रामजी लाल को भी नोटिस जारी किया गया है। दोनों से 20 अप्रैल तक जवाब देने के लिए कहा गया है।
हाईकोर्ट में पुस्तकालय घोटाले में हरिद्वार निवासी समाजिक कार्यकर्ता सचिदानंद डबराल ने अपने अधिवक्ता शिव भट्ट की मार्फत जनहित याचिका दायर की थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए सरकार ने जवाब मांगा था। इस मामले में नगर निगम को भी पार्टी बनाया गया था। वहीं दूसरी ओर कोर्ट ने अब इस मामले में मदन कौशिक को नोटिस जारी किया है।
सूत्रो से मिली जानकारी के अनुसार आरोप सीधे तौर पर मदन कौशिक पर हैं , जिनकी विधायक निधि से हरिद्वार में 11 पुस्तकालय बने और जिनके निर्माण में खामियां पाई गई। वहीं जिस विभाग ने इनको बनाया, तब के अधिशासी अभियंता रामजी लाल को भी नोटिस जारी किया गया है। वहीं इस मामले में अब मदन कौशिक की मुश्किलें बढ़ सकती है। मदन कौशिक हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में पांचवी बार जीत दर्ज करने में कामयाब रहे हैं।
