36 घंटे बाद भी नहीं सुलझा होटल वुड्स कर्मचारी की मौत का रहस्य, परिजनों ने दी आंदोलन की चेतावनी
रायवाला/डोईवाला।
होटल वुड्स में कार्यरत कर्मचारी केशर सिंह राणा की रहस्यमयी मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। 36 घंटे बीत जाने के बाद भी मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है, वहीं लापता मोटरसाइकिल और क्षत-विक्षत शव ने इस मामले को और भी संदेहास्पद बना दिया है।
केशर सिंह राणा (उम्र 50 वर्ष), निवासी ग्राम नवाबवाला, रोज की तरह 8 जून की रात करीब 1 बजे रायवाला स्थित होटल से अपनी मोटरसाइकिल से घर के लिए निकले। CCTV फुटेज में उन्हें नेपाली फार्म के पास अकेले बाइक पर जाते देखा गया, लेकिन कुछ ही दूरी—लगभग 200 मीटर आगे—उनका शव सड़क पर क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। उनकी मोटरसाइकिल का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है।

पुलिस ने परिजनों को तड़के 3 बजे सूचना दी कि नेपाली फार्म के पास एक्सीडेंट हुआ है और केशर सिंह को 108 सेवा के माध्यम से एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। एम्स पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
केशर सिंह अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं—तीनों बच्चे नाबालिग हैं। बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी। परिजन इस दुखद घटना से टूट चुके हैं और लगातार सवाल उठा रहे हैं कि मात्र 200 मीटर की दूरी पर ऐसा क्या हुआ जो एक सामान्य रास्ता उनकी मौत का कारण बन गया? और वह मोटरसाइकिल कहां गायब हो गई?
घटना के 40 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। इस बीच परिजनों और क्षेत्रीय नेताओं का गुस्सा उफान पर है। सोमवार सुबह 10 बजे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयेंद्र चंद रमोला, जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा, देहरादून कांग्रेस अध्यक्ष मोहित उनियाल, उत्तराखंड क्रांति दल के पंकज व्यास समेत सैकड़ों लोग रायवाला थाने पहुंचे। उन्होंने SHO बी.एल. भारती से मुलाकात कर 24 घंटे में मामले का खुलासा न होने पर थाने का घेराव और आंदोलन की चेतावनी दी।
SHO भारती ने आश्वस्त किया कि दो पुलिस टीमें जांच में लगी हैं और विभिन्न चौराहों पर लगे CCTV कैमरों की जांच की जा रही है। जल्द ही इस रहस्य से पर्दा उठाने का दावा किया गया है।
Meru Raibar इस रहस्यमयी घटना की हर अपडेट आप तक पहुंचाता रहेगा।
