केदारनाथ: IG नीलेश भरणें का निरीक्षण दौरा, श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर दिए सख्त निर्देश

Share Now

पुलिस महानिरीक्षक ने लिया केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा – श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर दिए अहम निर्देश
निरीक्षण के दौरान पार्किंग, लाइन व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और श्रद्धालुओं से संवाद पर रहा खास ज़ोर

सोनप्रयाग, शनिवार:24 MAY 2025
उत्तराखण्ड में चारधाम यात्रा चरम पर है, और श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के बीच यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी को लेकर उच्च अधिकारी भी सतर्क हैं। इसी कड़ी में आज उत्तराखण्ड के पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) श्री नीलेश आनन्द भरणें ने सोनप्रयाग पहुंचकर केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

उन्होंने सीतापुर व सोनप्रयाग की पार्किंग व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि वाहनों की एंट्री और एग्जिट व्यवस्थित ढंग से की जाए ताकि यातायात में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो। निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद यातायात निरीक्षक से पार्किंग और ट्रैफिक संबंधी जानकारी ली गई।

श्रद्धालुओं से संवाद और लाइन व्यवस्था पर विशेष ज़ोर

श्री भरणें ने सीतापुर से सोनप्रयाग शटल पार्किंग तक की लाइन व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर उनके अनुभवों को जाना और व्यवस्थाओं की हकीकत का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने गुप्तकाशी के पुलिस उपाधीक्षक और सोनप्रयाग के प्रभारी निरीक्षक को निर्देशित किया कि लाइन व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित किया जाए, विशेषकर सुबह के समय जब श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है।

अतिरिक्त पुलिस बल और संवेदनशील व्यवहार की हिदायत

भीड़ को देखते हुए श्री भरणें ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए ताकि किसी भी अव्यवस्था से बचा जा सके। साथ ही उन्होंने ड्यूटी पर तैनात जवानों से संवाद करते हुए उन्हें निर्देशित किया कि वे श्रद्धालुओं से सौम्य व्यवहार करें और उन्हें यात्रा मार्ग, मौसम की जानकारी, जरूरी वस्तुएं जैसे बरसाती और गर्म कपड़े आदि के बारे में जागरूक करें।

कर्तव्यपरायण पुलिस जवानों को शाबाशी

यात्रा की शुरुआत से लेकर अब तक पूरी निष्ठा और मनोयोग से ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों की सराहना करते हुए श्री भरणें ने उन्हें शाबाशी दी और भविष्य में भी इसी तरह सेवा भाव से कार्य करने की प्रेरणा दी।

निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद:

  • पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग – अक्षय प्रल्हाद कोंडे
  • पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी – विकास पुण्डीर
  • जिला कार्यक्रम अधिकारी रुद्रप्रयाग – अखिलेश मिश्रा
  • प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोनप्रयाग – राकेन्द्र कठैत
  • यातायात निरीक्षक – कैलाश चन्द्र शर्मा
    साथ ही अधीनस्थ पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।

Meru Raibar Print Media
“आपकी आवाज़, आपके साथ” – उत्तराखण्ड की हर खबर सबसे पहले

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!