जंगल में घास काट रही बुजुर्ग महिला को तेंदुए ने बनाया अपना शिकार

Share Now

हल्द्वानी। हल्द्वानी के काठगोदाम क्षेत्र के गौला बैराज जंगल में घास काट रही बुजुर्ग महिला को तेंदुए ने अपना शिकार बना लिया। तेंदुआ उसे महिलाओं के झुंड से घसीटकर ले गया। 17 दिन के अंदर तेंदुए के हमले की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 23 जून को सूनाकोट गांव में मंदिर जा रही महिला को तेंदुए ने मार डाला था। दोनों घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने तेंदुए को आदमखोर घोषित कर दिया है।


काठगोदाम गौला बैराज निवासी 60 वर्षीय पुष्पा सांगुड़ी बसंती देवी, नंदी देवी, मुन्नी देवी और लता देवी के साथ बैराज से करीब तीन किमी दूर जंगल में मवेशियों के लिए चारा लेने गईं थीं। करीब साढ़े नौ बजे घास काटने के दौरान तेंदुआ पुष्पा पर झपटा और उसे घसीटकर ले गया। पुष्पा की चीख सुनकर साथी महिलाएं शोर मचाते हुए गांव की तरफ भागीं। चीखपुकार सुनकर कुछ ग्रामीण भी जंगल की ओर भागे। सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों और पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आधे घंटे बाद महिला का शव बरामद कर लिया। कुछ देर शव को घर में रखने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वन क्षेत्राधिकारी मनोरा रेंज भूपाल सिंह मेहता ने मृतका के परिवार को एक लाख रुपये का मुआवजा और दाह संस्कार के लिए दस हजार रुपये दिए। सोमवार तक मुआवजे की शेष राशि भी परिजनों को दे दी जाएगी। सोनकोट और गौला बैराज में दो महिलाओं की मौत के बाद तेंदुए को आदमखोर घोषित कर दिया गया है। मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक के कार्यालय से तेंदुए को मारने के आदेश जारी हो गए हैं। जल्द ही शूटरों की व्यवस्था कर तेंदुए को मार दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!