चिरबटिया-गुप्तकाशी मार्ग को वैकल्पिक यात्रा रूट की दिशा में बड़ी प्रगति

Share Now

रुद्रप्रयाग। जनपद के लिए एक महत्वपूर्ण और बहुप्रतीक्षित पहल पर सकारात्मक संकेत मिलने लगे हैं। चिरबटिया-गुप्तकाशी मोटर मार्ग को केदारनाथ धाम की यात्रा को लेकर वैकल्पिक मार्ग घोषित किए जाने की मांग पर शासन स्तर पर कार्यवाही प्रारंभ हो चुकी है। लोक निर्माण विभाग रुद्रप्रयाग द्वारा जिलाधिकारी को प्रेषित पत्र में मार्ग की तकनीकी एवं प्रशासनिक स्थिति स्पष्ट करते हुए इसे वैकल्पिक यात्रा मार्ग घोषित किए जाने पर विचार योग्य बताया गया है।
बताया गया है कि इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी कमलेश उनियाल द्वारा पूर्व में शासन को पत्र प्रेषित किया गया था तथा पुष्कर सिंह धामी से व्यक्तिगत भेंट कर विस्तृत वार्ता की गई थी। मुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में मार्ग की सामरिक, धार्मिक, आर्थिक और आपदा प्रबंधन की दृष्टि से महत्ता को प्रमुखता से रखा गया था। इसके उपरांत शासन स्तर पर संबंधित विभागों से रिपोर्ट प्राप्त कर विषय को विचाराधीन रखा गया है।
इस मांग को जनसमर्थन दिलाने के लिए चिरबटिया से गुप्तकाशी तक दो दिवसीय हस्ताक्षर अभियान यात्रा भी आयोजित की गई। इस अभियान में लगभग 7 हजार लोगों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दर्ज कराया। जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, होटल व्यवसायियों, दुकानदारों और आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी ने इस मांग को जनआंदोलन का रूप दे दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग वर्ष 2013 की आपदा के दौरान प्रभावी वैकल्पिक संपर्क मार्ग के रूप में सामने आया था। वर्तमान में यात्रा सीजन के दौरान बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए इस मार्ग को आधिकारिक वैकल्पिक रूट घोषित करना समय की मांग है। विशेषज्ञों का मानना है कि वैकल्पिक मार्ग घोषित होने से मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा और आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित आवागमन का विकल्प उपलब्ध रहेगा। इससे यात्रा संचालन अधिक सुव्यवस्थित हो सकेगा तथा श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।
कमलेश उनियाल ने कहा कि यह पहल किसी व्यक्तिगत श्रेय का विषय नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों की सामूहिक भावना और सहभागिता का परिणाम है। शासन को भेजी गई टीम और विभागीय रिपोर्ट के आधार पर सकारात्मक प्रगति हुई है, जो जनशक्ति की जीत है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को इस प्रयास के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यदि इस मार्ग को आधिकारिक यात्रा रूट का दर्जा मिलता है तो इससे स्थानीय युवाओं, व्यापारियों, होटल व्यवसायियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नया संबल मिलेगा। धार्मिक पर्यटन के विस्तार से क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ने की संभावना है। उनियाल ने क्षेत्रीय जनता से आह्वान किया कि यात्रा संचालन को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। जनहित सर्वोपरि रखते हुए इस दिशा में प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!