देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंसी धर भगत ने कहा कि आज के युग में मीडिया जनता के बीच अपना संदेश पहुँचाने का बहुत सशक्त माध्यम है। अतः मीडिया विभाग की जिम्मेदारी है कि वह पार्टी के कार्यक्रमों व विचार तथा सरकार की उपलब्धियों को मीडिया के माध्यम से जन जन तक पहुँचाने का काम करे। साथ ही विरोधियों के दुष्प्रचार का मजबूती से उत्तर देना भी जरूरी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंसी धर भगत आज भाजपा प्रदेश कार्यालय पर मीडिया विभाग के सदस्यों की बैठक में विचार रख रहे थे। उन्होंने कहा कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और केन्द्र व उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं । भाजपा सेवा के लिए राजनीति में और हम भारत माता को विश्व में सर्वोपरि सिंहासन पर आसीन करना चाहते हैं। इसलिये पार्टी के मीडिया विभाग की जिम्मेदारी बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा के विस्तार से कई समाज विरोधी, देश विरोधी व विचारधारा विरोधी शक्तियाँ नियोजित षड्यंत्र के माध्यम से देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश में हैं। हमें उनका उत्तर भी देना है।
उन्होंने कहा कि मीडिया विभाग व्यवस्थित व सामूहिक रूप से अपना कार्य सम्पन्न करने की रूप रेखा तैयार कर काम को आगे बढ़ाए। साथ ही नई तकनीक को समझते हुए उसके अनुरूप अपने को ढालना होगा। उन्होंने मीडिया व सोशल मीडिया के बीच समन्वय को भी महत्वपूर्ण बताया। बैठक में अपने सम्बोधन में प्रदेश महा मंत्री (संगठन) अजेय कुमार ने कहा कि मूल रूप से हम सभी पार्टी के कार्यकर्ता है और जोभी जिम्मेदारी हमें दी जाती है उसका निर्वहन करना हमारा दायित्व है। मीडिया विभाग के जो दायित्व हैं उन्हें हमें पूरी तात्परता से पूरा करना है। प्रदेश स्तर से जिला व मंडल तक का तंत्र सक्रिय रहना जरूरी है। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी डॉ देवेन्द्र भसीन, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, कुलदीप कुमार प्रदेश प्रवक्ताओं व सह मीडिया प्रभारियों ने भी विचार रखे व सुझाव दिए। बैठक में मीडिया विभाग की कार्ययोजना भी बनाई गई।
