देहरादून। उत्तराखंड में गुरुवार को 199 नए कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही अब प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 3982 हो गई है। आज 47 मरीज ठीक होकर घर लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, आज सबसे ज्यादा 91 मामले ऊधमसिंह नगर में सामने आए हैं। वहीं, नैनीताल में 34 , देहरादून में 27(दो प्राइवेट लैब) और हरिद्वार में 30 (20 प्राइवेट लैब) मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही पौड़ी और चमोली में तीन-तीन, चंपावत में एक और टिहरी में 10 मरीज सामने आए हैं।
अब तक प्रदेश में 2995 संक्रमित मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। अभी भी 904 एक्टिव केस हैं। जबकि अब तक 50 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, प्रदेश में कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट 75.19 फीसदी है और डबलिंग रेट 27.19 दिन है। हरिद्वार में सिडकुल की कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर की एक यूनिट से एक साथ 20 कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन के साथ कंपनी प्रबंधन में हड़कंप मचा हुआ है। जिला प्रशासन ने यूनिट में उत्पादन का काम बंद करके उसे पाबंद कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि कंपनी का एक कर्मचारी शादी समारोह में शामिल हुआ था। उसी से यूनिट के अन्य कर्मचारियों में कोरोना का संक्रमण फैला है। जानकारी के अनुसार, पिछले सप्ताह कंपनी के पांच कर्मचारियों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर कंपनी प्रबंधन ने 13 और 14 जुलाई को चंडीगढ़ की प्राइवेट लैब की तकनीकी टीम से 150 कर्मचारियों के सैंपल भरवाए थे। बृहस्पतिवार को 40 सैंपल की रिपोर्ट आई जिसमें से 20 में कोरोना की पुष्टि हुई। जबकि अभी 100 सैंपलों की रिपोर्ट आनी बाकी है। एक साथ इतने कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन हरकत में आ गया। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने स्वास्थ्य विभाग के साथ कंपनियों के मैनेजर की बैठक बुलाई और सावधानी बरतने के निर्देश दिए। डीएम के आदेश पर सीएमओ डॉ. शंभू कुमार झा स्वास्थ्य टीम के साथ कंपनी पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। सीएमओ डॉ. शंभू झा ने बताया कि यूनिट को पाबंद करा दिया गया है।
