रक्षाबंधन पर कन्या गुरुकुल की छात्राओं व पर्यावरण मित्र महिलाओं ने मंत्री गणेश जोशी को बांधी राखी

Share Now

देहरादून। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर आज हाथीबड़कला स्थित शासकीय आवास पर कन्या गुरुकुल महाविद्यालय देहरादून की छात्राओं एवं पर्यावरण मित्र महिलाओं ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेशवासियों को रक्षा बंधन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस दौरान मंत्री जोशी ने सभी बहनों को उपहार भेंट कर सभी का आशीर्वाद लेते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व ही नहीं, बल्कि यह हमारे रिश्तों में विश्वास, प्रेम और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है।
     कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार मातृशक्ति के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने सरकारी नौकरियों में प्रदेश की महिलाओं को 30 प्रतिशत का क्षैतिज आरक्षण देकर रोजगार के क्षेत्र में मातृशक्ति की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया है। मंत्री जोशी ने आगे कहा कि प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पाद ‘हाउस ऑफ हिमालयास’ ब्रांड के जरिए आज विश्व के कोने-कोने तक पहुंच रहे हैं, जो उत्तराखंड की महिला शक्ति की प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण है। इस अवसर पर भाजयुमो राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी सहित बड़ी संख्या में मातृ शक्ति एवं छात्राएं उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!