पुलिस पर किया हमला, अब घर पर चलेगा बुलडोजर, नगरनिगम ने थमाया नोटिस

Share Now

रुद्रपुर। पुलिस पर हमले और मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए नशा तस्कर नाजिम के खिलाफ प्रशासन अब सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। नगर निगम ने उसके घर को अवैध बताते हुए नोटिस जारी कर दिया है। चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर जल्द ही बुल्डोजर की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, नगर निगम ने नाजिम के परिजनों को 15 दिनों का समय दिया है। इस अवधि के भीतर उन्हें घर की रजिस्ट्री या अन्य वैध कागजात प्रस्तुत करने होंगे। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया या स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज पेश नहीं किए गए, तो नगर निगम पुलिस प्रशासन के सहयोग से अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई करेगा।
इस मामले में रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति लागू की गई है। इसी नीति के तहत प्रशासन लगातार ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रहा है।
महापौर ने कहा कि नशा माफिया केवल कानून व्यवस्था के लिए ही खतरा नहीं होते, बल्कि वे समाज और खासकर युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने का काम करते हैं। ऐसे लोग समाज के माथे पर कलंक के समान हैं और उन्हें किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि नाजिम लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त था। उसने वर्दीधारी पुलिसकर्मियों पर हमला करने जैसी गंभीर घटना को भी अंजाम दिया था।
उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम इससे पहले भी कई नशा तस्करों और अपराधियों के अवैध ठिकानों पर बुल्डोजर की कार्रवाई कर चुका है। प्रशासन का उद्देश्य साफ है कि शहर में अवैध निर्माण और अपराध से जुड़े ठिकानों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महापौर विकास शर्मा ने सख्त लहजे में कहा कि प्रदेश में वर्तमान में “धाकड़ धामी” की सरकार काम कर रही है। यहां अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर निगम और स्थानीय प्रशासन मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि रुद्रपुर को नशा माफियाओं से पूरी तरह मुक्त किया जा सके। इसके लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके और समाज में कानून का राज कायम रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!