चमोली में आई भीषण आपदा में राहत बचाव और सर्च कार्य अभी गतिमान है तो इसी बीच राजनीतिक बयानबाजी भी अपने चरम पर है | कॉन्ग्रेस ने जहां भाजपा पर आरोप लगाया कि पूरे देश से वहां पर लोग काम करते थे और अपनों को खो चुके लोग उनकी तलाश में अब घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं लेकिन न तो शासन प्रशासन और न राज्य सरकार उनकी कोई सुध ले रही है| इतना ही नहीं उनके ठहरने की, खाने की और न सही जानकारी उपलब्ध कराने की कोई व्यवस्था है, ऐसे में वह दुखी परिजन जाए तो जाए कहां ?
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने तो यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी रहत व्यवस्थाओं को करने में नाकाम रही तो कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने वहां पर राहत शिविर लगाने का प्रयास किया और कुछ दिनों तक संचालित भी किया लेकिन बीजेपी को यह भी नागवार गुजरा और उन्होंने स्थानीय प्रशासन को दबाव में लाकर उनसे कांग्रेसियों के शिविर को हटाने का आदेश दिया| ऐसे में सरकार बिल्कुल संवेदनहीन हो चुकी है जिससे सरकार की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान उठने लाजमी है| अब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल उठाए तो भाजपा पलटवार करने में कहां पीछे रह जाती है भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने इसका खंडन करते हुए बताया कि कांग्रेस ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर भी राजनीति कर रही है| उन्हें अपनी सरकार के समय 2013 की आपदा को ध्यान में रखना चाहिए जब उन्हें घटना के 2 दिन बाद देहरादून में पता लगा कि कोई आपदा भी आई है, और उसके बाद लोगों को जो परेशानियों का सबब मिला वह जगजाहिर है | रही बात आपदा राहत की तो सरकार और प्रशासन स्तर पर हर चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की जा चुकी हैं जबकि स्थानीय स्तर पर बीजेपी के कार्यकर्ता स्वयं भी आपदा राहत कार्य में लगे हुए जवानों , स्थानीय निवासियों और बाहर से आए परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं | कांग्रेस की यह ओछी राजनीति ऐसे संवेदनशील मौकों पर उन्हें ही मुबारक हो|
प्रीतम सिंह प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस
-नवीन ठाकुर प्रदेश प्रवक्ता भाजपा
