परीक्षार्थियों की राह मुश्किल, पुलिस अलर्ट मोड पर… मसूरी रोड पर खतरा!
देहरादून। “बादल बरस रहे हैं… लेकिन लोगों के दिलों पर डर की बारिश हो रही है!”
देहरादून में देर रात से झमाझम बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। कहीं सड़कें धंस रही हैं, कहीं इमारतें गिरने की कगार पर हैं। एसएसपी देहरादून खुद हालात की निगरानी कर रहे हैं। शहर में पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
सबसे बड़ी चुनौती परीक्षार्थियों की है, जिनकी आज अहम प्रतियोगी परीक्षा है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस लगातार गश्त कर रही है, ताकि कोई परीक्षार्थी वक़्त पर सेंटर न पहुँचने से वंचित न रह जाए।
एसएसपी देहरादून का कहना है: “बारिश थमी नहीं है, लेकिन हमारी कोशिशें भी थमने वाली नहीं। हर हाल में जनता की सुरक्षा और परीक्षा में बच्चों की सुविधा हमारी प्राथमिकता है।”
सबसे खतरनाक तस्वीर मालसी जू पुलिया के पास नजर आई, जहां सड़क का किनारा बारिश में धंस गया। पुलिस ने फौरन बैरियर लगाकर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी। मसूरी जाने वाले पर्यटकों से विनती की जा रही है कि इस रास्ते का इस्तेमाल न करें।
एक स्थानीय निवासी ने कहा: “सुबह से आवाजाही बंद पड़ी है… डर लग रहा है कि सड़क और न धंस जाए।”
इधर, किरषाली चौक के पास चार मंजिला इमारत का पुश्ता गिरने की कगार पर पहुंच गया। पुलिस ने पूरी इमारत खाली कराई। मौके पर SDRF और फायर सर्विस की टीमें तैनात हैं। लोग सांसें थामे खड़े हैं, कहीं कोई हादसा न हो जाए।
एक महिला निवासी बोली: “रात भर नींद नहीं आई… बस यही सोच रही हूं कि कहीं हमारा घर भी न गिर जाए।”
मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। बादल अभी और बरस सकते हैं। सवाल यह है — कितनी और सड़कें धंसेंगी? कितनी और इमारतें खाली कराई जाएंगी? और सबसे बड़ा — क्या देहरादून इस बारिश की परीक्षा में पास हो पाएगा?