पुरानी पेंशन योजना और भविष्य निधि योजना लागू करने की मांग उठाई

Share Now

विकासनगर। उत्तराखंड ऊर्जा कामगार संगठन यमुना वैली की आम बैठक में पुरानी पेंशन योजना और भविष्य निधि योजना लागू करने की मांग उठाई गई। कर्मचारियों ने मांगों के पूरा नहीं होने पर तीनों निगम प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश जताया।
उत्तराखंड ऊर्जा कामगार संगठन यमुना वैली की आम बैठक रविवार को द्वितीय क्लब डाकपत्थर में संपन्न हुई। बैठक में कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का निस्तारण नहीं होने पर ऊर्जा के तीनों निगम प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की गई। इस दौरान संगठन में शामिल हुए नए सदस्यों का स्वागत किया गया। संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि ऊर्जा के तीनों निगमों में पुरानी पेंशन योजना और भविष्य निधि योजना लागू की जानी चाहिए, जिससे कर्मियों को सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा मिल सके। समयबद्ध वेतनमान और एसीपी की विसंगतियों को लंबे समय से ठीक नहीं किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। कहा कि तकनीकी सहायक पद पर कार्यरत कर्मचारियों को अवर अभियंता के समान 4600 रुपए ग्रेड पे और लिपिकीय कर्मियों के लिए कॉमन कैडर की व्यवस्था होनी चाहिए। कहा कि लंबे समय से कर्मचारियों का चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के भुगतान का मामला लटका हुआ है। विद्युत गृहों और सब स्टेशनों में कर्मचारियों की कमी बनी हुई है, जिससे बिजली उत्पादन प्रभावित होता है। बावजूद इसके निगम प्रबंधन नए कर्मियों की भर्ती नहीं कर रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उपनल कर्मियों को समान कार्य समान वेतन के दायरे में लाना जरूरी है, जिससे कर्मियों के आर्थिक शोषण पर रोक लग सके। बताया कि डाकपत्थर यमुना वैली में कर्मचारियों के सिविल कार्य समय पर नहीं हो रहे हैं। निगम प्रबंधन एक ही ठेकेदार को कई कार्य सौंप दिए हैं, जिससे कई सिविल कार्य अधूरे पड़े हुए हैं। उन्होंने सभी समस्याओं जल्द निस्तारण की निगम प्रबंधनों से की है। इस दौरान चंद्रशेखर पुरोहित, रियाज, गोपाल बिहारी, पीसी चंदोला, पंकज नैथानी, जगदीश जोशी, रोहताश, लाजवंती सेमवाल, विकास पुंडीर, आशीष तोमर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!