ऊखीमठ। केदारनाथ धाम के रावल 1008 भीमाशंकर लिंग रविवार को ऊखीमठ पहुंचे । वह महाराष्ट्र के नादेड़ से रविवार सुबह 7 बजे ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां सोसियल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सादगी से उनकी आगवानी की गई। इसके बाद वह सीधे प्रशासन के निर्देशों पर होम क्वारंटाइन में चल दिए। जबकि उनके साथ आए 5 लोगों को भी होम क्वारंटाइन में रखा गया है।
कोरोना संक्रमण के चलते केदारनाथ रावल भीमाशंकर लिंग को महाराष्ट्र से उत्तराखंड आने के लिए विशेष अनुमति लेनी पड़ी। महाराष्ट्र सरकार के साथ ही उत्तराखंड सरकार की अनुमति के बाद वह रविवार को ऊखीमठ पहुंचे। इस बीच विभिन्न स्थानों पर रावल का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जहां भी पुलिस बैरियर लगे थे, वहां मौजूद टीम द्वारा उनकी जांच की गई। जबकि 3 बजे सिरोबगड़ और साढ़े 6 बजे कुंड बैरियर पर भी डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा उनकी जांच की गई। इसके बाद रावल सुबह 7 बजे ऊखीमठ मंदिर परिसर पहुंचे। यहां सोसियल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सीमित लोगों द्वारा ही उनका स्वागत किया गया। केदारनाथ रावल के साथ महाराष्ट्र से 5 लोग भी आए हैं। इधर रावल के रुद्रप्रयाग में पहुंचने की खबर मिलते ही जिले की सीमा में प्रशासन और पुलिस की टीम द्वारा उनसे पूछताछ की गई। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि केदारनाथ रावल 14 दिनों तक होम क्वारंटाइन में रहेंगे। उनके केदारनाथ जाने के मामले पर शासन से वार्ता की जाएगी। शासन से निर्देश मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
