देहरादून। उत्तराखण्ड में रोडवेज बसों का संचालन आखिरकार आज से शुरू हो गया है। लाकडाउन में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था बंद होने के चलते 22 मार्च से अब तक रोडवेज की बसों में यात्रियों का आवागमन पूरी तरह से बंद किया गया था। सरकार के आदेश के बाद आज से राज्य में रोडवेज बस सेवा शुरू कर दी गयी है। इस दौरान परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किये गये है। जिसमें सेनेटाइज, सोशल डिस्टेसिंग व मास्क को अनिवार्य रूप से लागू किया गया है।
तीन माह बाद आज गुरूवार से उत्तराखण्ड रोडवेज की बसों का संचालन राज्य में शुरू कर दिया गया है। हालांकि पहले दिन आज बसों में यात्रियों की संख्या में भारी कमी देखने को मिली लेकिन रोडवेजकर्मियों व आने जाने वाले लोगों में खुशी का माहौल भी नजर आया। रेलवे स्टेशन के समीप मसूरी बस स्टैण्ड व आईएसबीटी में यात्रियों की सुरक्षा के बखूबी इंतजाम किये गये है। यात्रियों को सबसे पहले सेनेटाइज किया जा रहा है जिसके बाद सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाते हुए उसे बस में बैठाया जा रहा है। इस दौरान बसों में बैठने वाले यात्रियों को मास्क भी पूर्ण रूप से अनिवार्य किया गया है। परिवहन विभाग के महाप्रबन्धक (संचालन) दीपक जैन के अनुसार प्रदेश के 50 रूटों पर आज से रोडवेज बसों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बस स्टेशन पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाने के लिए टिकट काउंटर के बाहर गोले बनवाये गये है साथ ही सेनेटाइन प्रक्रिया के बाद ही यात्रियों को बस में जाने दिया जा रहा है। पचास फीसदी यात्रियों को लेकर शुरू की गयी रोडवेज बस सेवा में किराया दर पहले के मुकाबले लगभग दो गुना अधिक किया गया है। जिसे लेकर कुछ यात्रियों में रोष भी देखने को मिला है।
