महिला ने लगाया 20 हजार में बेचने का आरोप, 8 के खिलाफ केस दर्ज
रुद्रपुर ऊधमसिंहनगर
पंतनगर थाना क्षेत्र के शांतिपुरी निवासी युवक से शादी कराने का झांसा देकर पीलीभीत निवासी महिला ने गांव की ही युवती को 20 हजार रुपये में बेच दिया। आरोप है कि इस दौरान उसे खरीदने वाले युवक ने 17 दिनों तक महिला का शारीरिक शोषण किया। बाद में युवक और उसके परिजनों ने उससे मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। तो कोर्ट के आदेश पर पंतनगर थाना पुलिस ने उसे बेचने की आरोपित महिला समेत आठ पर केस दर्ज कर लिया है।
उत्तरप्रदेश की पीलीभीत निवासी युवती ने न्यायालय में सौंपे प्रार्थना पत्र में कहा कि पीलीभीत निवासी मंगो देवी का उनके घर आना जाना था। इस दौरान मंगो देवी ने उसे और उसके परिजनों को उसकी शादी कराने का झांसा दिया। इसके लिए उसने शांतिपुरी नंबर दो निवासी धर्मेंद्र से उसका रिश्ता तय कराया। जुलाई 2020 में शादी के बाद वह ससुराल आ गई। जहां उसे पता चला कि मंगो देवी ने उसे धर्मेंद्र और उसके परिवार को 20 हजार रुपये में बेचा है। शादी के बाद करीब 17 दिनों तक धर्मेंद्र उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान धर्मेंद्र और उसके परिजनों ने उसका उत्पीड़न कर मारपीट भी की। आरोप है कि 25 जुलाई 2020 को धर्मेंद्र, उसके पिता रामपाल, मां गीता देवी, भाई अजय पाल, अजमेर के साथ ही उनके रिश्तेदार ग्राम करइया, जहानाबाद, पीलीभीत निवासी गायत्री, नत्थूलाल ने उससे मारपीट कर कहा कि उन्होंने मंगो देवी से उसे 20 हजार रुपये में खरीदा था। इसके बाद उन्होंने उससे मारपीट कर घर से निकाल दिया। इस पर उसने पुलिस से शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। तो पीड़िता ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ धारा 376, 370, 323, 504 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी सिटी देवेंद्र पींचा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है। जांच के बाद आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
देवेंद्र पींचा — एसपी सिटी, रुद्रपुर
