केदारनाथ पैदल मार्ग पर बर्फ हटाने का काम जारी

Share Now

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर प्रशासन द्वारा बर्फ के साथ अतिक्रमण भी हटाया जा रहा है। चारधाम यात्रा शुरू होने में कुछ ही दिन का समय शेष है जबकि केदारधाम के कपाट 25 अप्रैल को खोले जायेगें। केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ को खोल दिए जाएंगे। केदारनाथ यात्रा के सफल संचालन हेतु संबंधित विभागों द्वारा की जाने वाली तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को मार्च माह के अंत तक पूर्ण करने के निर्देश जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं ताकि केदारनाथ धाम में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई समस्या न हो।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में केदारनाथ धाम यात्रा को सुगम एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही तैयारियां एवं व्यवस्थाओं को त्वरित गति से किया जा रहा है। केदारनाथ धाम में की जाने वाली तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को समयबद्धता के साथ करने के उद्देश्य से केदारनाथ पैदल मार्ग से डीडीएमए द्वारा बर्फ हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
अवर अभियंता डीडीएमए सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि केदारनाथ यात्रा मार्ग व धाम में बर्फ हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। बताया कि यात्रा मार्ग को आवागमन के लिए सुचारू कर दिया गया है तथा केदारनाथ धाम में घोड़ा खच्चरों के माध्यम से कम्पनी का जरूरी सामान पहुंचाया जा रहा है तथा केदारनाथ धाम में हेलीपैड के आसपास से बर्फ हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके अलावा यात्रा मार्ग जिन स्थानों पर छतिग्रस्त हो रखें है उन स्थानों पर मरम्मत कार्य तेजी से किया जा रहा है। सहायक अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग राजबीर चैहान ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग मे अगस्त्यमुनि से आगे जिन स्थानों में सड़क मार्ग में गड्डे है उन स्थानों पर पैच वर्क व मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
जनपद के किसी भी क्षेत्र में किसी भी तरह से कोई अतिक्रमण न हो इसके लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी उप जिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण पर कड़ी निगरानी रखने एवं अतिक्रमण होने की स्थिति मेें त्वरित गति से उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। तहसीलदार उखीमठ दीवान सिंह राणा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में राजस्व टीम व सम्बंधित अधिकारियों के साथ केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग गुप्तकाशी से गौरीकुंड के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग मे किये जा रहे अतिक्रमण को हटाया गया तथा कई लोगों को स्वयं अतिक्रमण को हटाने के नोटिस दिए गए। अतिक्रमण हटाओ अभियान में एसएचओ सोनप्रयाग, अवर अभियंता जल संस्थान, कनिष्ठ अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग, नायब तहसीलदार उखीमठ, राजस्व निरीक्षक व उप निरीक्षक गुप्तकाशी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!