प्रदेशभर की रेलवे परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा रेलवे परियोजनाओं पर रफ्तार बढ़ी – मुख्य सचिव ने ली उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
दिनांक: 02 मई 2025 | स्थान: देहरादून -: गिरीश गैरोला
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेशभर की रेलवे परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में मुरादाबाद एवं इज्जतनगर मंडल के डीआरएम, शासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित जिलाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य सचिव ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन की प्रगति पर विशेष रूप से चर्चा की और निर्देश दिए कि परियोजना निर्धारित समय सीमा में पूर्ण की जाए। उन्होंने कहा, “चारधाम यात्रा शुरू हो चुकी है, ऐसे में रेलवे द्वारा इस्तेमाल की जा रही सड़कों की स्थिति सुधारना तत्काल जरूरी है।”
हर्रावाला स्टेशन को मिलेगा ‘फुल-फ्लेज्ड रेलवे स्टेशन’ का रूप
मुख्य सचिव ने डीआरएम आर.के. सिंह से हर्रावाला रेलवे स्टेशन को पूर्ण विकसित स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इसके लिए आवश्यक भूमि राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
योग नगरी ऋषिकेश क्षेत्र में डेवलपमेंट प्लान बनेगा
मुख्य सचिव ने योग नगरी रेलवे स्टेशन क्षेत्र के लिए एक विस्तृत और एकीकृत विकास योजना तैयार करने के निर्देश दिए, जो रेलवे स्टेशन के मास्टर प्लान से समन्वयित हो।
टनकपुर-दिल्ली के बीच वंदे भारत और देहरादून-टनकपुर कोच की आवृत्ति बढ़ेगी
बैठक के दौरान डीआरएम इज्जतनगर श्रीमती वीना सिन्हा से टनकपुर-देहरादून कोच की संख्या बढ़ाने और टनकपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने पर भी विचार किया गया। यह पहल कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देगी।
कुंभ 2027 के लिए तैयारी शुरू – ज्वालापुर स्टेशन होगा अपग्रेड
हरिद्वार में 2027 में होने वाले कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए, मुख्य सचिव ने रेलवे को ज्वालापुर स्टेशन के विस्तारीकरण और आधुनिकीकरण की कार्य योजना शीघ्र शुरू करने को कहा। इससे भीड़ प्रबंधन और निकासी व्यवस्था सुचारु होगी।
भूमि अधिग्रहण व समन्वय पर ज़ोर
मुख्य सचिव ने राजस्व, वन एवं रेलवे विभागों को समन्वय में काम करते हुए लंबित भूमि अधिग्रहण मामलों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रुद्रप्रयाग डीएम को संयुक्त बैठक आयोजित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, अपर सचिव विनीत कुमार, श्रीमती रीना जोशी सहित शासन और रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
मेरु रैबार की विशेष टिप्पणी:
प्रदेश की रेल परियोजनाओं में जो गति और समन्वय इस बैठक में दिखा, वह आने वाले वर्षों में उत्तराखंड को रेल संपर्क, पर्यटन और तीर्थाटन के क्षेत्र में एक एक नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है।
