बाबा केदार के कपाट 2 मई को खुलेंगे

Share Now

देहरादून। विश्वप्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर घोषित कर दी गई है। इस वर्ष 2 मई से केदारनाथ धाम की यात्रा शुरू होगी।  इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध चार धाम यात्रा भी शुरू हो जाएगी।  
27 अप्रैल को भगवान भैरवनाथ जी की पूजा होगी। जबकि बाबा केदार की पंचमुखी डोली 28 अप्रैल को श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से केदारनाथ धाम प्रस्थान करेगी।  
बुधवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में श्री केदारनाथ धाम रावल भीमाशंकर लिंग, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, दायित्व धारी चंडीप्रसाद भट्ट एवं श्री बदरीनाथ – केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल सहित पंचगाई समिति पदाधिकारियों, तथा सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में धर्माचार्यों वेदपाठियों द्वारा पंचाग गणना पश्चात विधि- विधान से श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय हुई।
इस अवसर पर श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ को भव्‍य रूप से फूलों से सजाया गया था। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ दर्शन को पहुंचे। इस अवसर पर भोलेनाथ के भजन कीर्तन का आयोजन भी हुआ तथा श्रद्धालुओं ने प्रसाद वितरण किया।
केदारनाथ धाम में स्थापित ज्योतिर्लिंग 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक और पंच केदार में प्रमुख स्थान रखते हैं। हर साल शीतकाल में भारी बर्फबारी के कारण छह महीने के लिए बंद कर दिया जाता है। इस दौरान पूजा-अर्चना ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!