देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार को प्रदेश में 97 और कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसके बाद अब प्रदेश में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1942 पहुंच चुका है। अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने इसकी पुष्टि की है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, अल्मोड़ा में 10 और देहरादून में 18 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। वहीं टिहरी में 14, हरिद्वार में 27, पिथौरागढ़ में सात, ऊधमसिंह नगर में आठ, उत्तरकाशी में पांच और नैनीताल दो व पौड़ी में छह संक्रमित मिले हैं। प्रदेश में अब तक 1194 संक्रमित मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। जबकि अभी भी 680 एक्टिव केस हैं। विदेशों से वापस राज्य में आ रहे लोगों के लिए शासन ने मंगलवार को नई एसओपी जारी की है। इसके तहत अब बाहर से आने वाले लोग प्रदेश में भी संस्थागत क्वारंटीन हो सकेंगे। मुख्य सचिव की ओर से जारी एसओपी में यह स्पष्ट कर दिया गया है कि बाहरी देशों से आने वाले प्रवासी उत्तराखंड के किसी जिले में या तो अपने खर्च पर या निशुल्क सरकारी व्यवस्था के तहत सात दिन के लिए क्वारंटीन हो सकेंगे। अभी तक बाहर से आने पर इन्हें सात दिन के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर भी क्वारंटीन होना होता था। इन्हें सात दिन के बाद 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन होना होगा। यह उन लोगों के लिए है जिनमें किसी तरह के संक्रमण के लक्षण नहीं हैं।
