देहरादून। उत्तराखंड में बुधवार को तीन और कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपेार्ट के अनुसार, देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल में एक-एक संक्रमित मामला सामने आया है। दिल्ली से पथरी का इलाज कराकर देहरादून लौटी महिला कोरोन संक्रमित पाई गई।वहीं, गुरुग्राम से अल्मोड़ा जिले के रानीखेत पहुंचा युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। उधर, शाम को आई रिपोर्ट में महाराष्ट्र से नैनीताल लौटा एक युवक भी संकमित पाया गया है। इसके साथ ही अब प्रदेश में संक्रमित मामलों की संख्या 72 हो गई है। अभी राज्य में 24 केस एक्टिव हैं। 46 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। बुधवार को देहरादून के रायपुर निवासी 56 वर्षीय महिला में करोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने बताया कि दून मेडिकल कॉलेज में सैंपल जांच में रायपुर निवासी महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमित महिला हाल ही में दिल्ली से इलाज कर घर लौटी थी। कोरोना वायरस के लक्षण दिखाई देने पर सैंपल जांच के लिए भेजा गया था।
