देहरादून। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं दो मार्च से शुरू होंगी। परीक्षाओं के लिए बोर्ड की ओर से सभी तैयारियों को अंतिम रूप से दिया गया। परीक्षाएं 25 मार्च तक चलेंगी। प्रदेश में 1324 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमे सें 225 संवेदनशील और 27 अतिसंवेदनशील घोषित किए गए हैं।
दो मार्च को इंटरमीडिएट का हिंदी का पेपर होगा, जिसके लिए परीक्षा केंद्रों पर बैठकें भी की गईं। हाईस्कूल का पहला पेपर भी हिंदी का होगा, जो कि तीन मार्च को होगा। बोर्ड के अपर सचिव एनसी पाठक ने बताया कि बोर्ड की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नकल रोकने के लिए सचल दस्तों को तैनात किया गया है। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल परीक्षा में इस बार संस्थागत 146789, व्यक्तिगत 3600, कुल 150389 और इंटर में संस्थागत 116150 और व्यक्तिगत 5151 समेत कुल 121301 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रदेश में 1324 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 225 संवेदनशील 27 अतिसंवेदनशील केंद्र, 13 मुख्य संकलन और 23 उप संकलन केंद्र हैं। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक और कस्टोडियन की ओर से की जाएगी। परीक्षा को लेकर विभिन्न स्कूलों (परीक्षा केंद्रों) के शिक्षकों की बैठक हुई, जिसमें कहा गया कि परीक्षा केंद्रों पर छात्रों की ओर से मोबाइल फोन का प्रयोग पूर्णत वर्जित होगा। जिन कॉलेजों में पहले से ही सीसीटीवी लगे हैं, वहां पर कैमरों की मदद से नकल रोकी जाए। इसके अलावा सचल दस्तों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्र से लेकर संकलन केंद्र तक कॉपियों के बंडल पहुंचाने के लिए शिक्षा विभाग के कर्मचारी के साथ पुलिस के सिपाही या फिर होमगार्ड भी तैनात होंगे।
