देहरादून। उत्तराखंड सरकार के मंत्री और विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुणगान करते हुए सार्वजनिक मंच से मोदी आरती लॉन्च की। मंत्री और विधायक द्वारा मोदी आरती लांच किए जाने पर आप और यूकेडी ने निशाना साधा है।
प्रधानमंत्री मोदी की आरती बनाकर सार्वजनिक किए जाने के मामले पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रविंद्र सिंह आनंद ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपाई इतने अहंकारी हो गए हैं कि स्वयं की तुलना देवी देवताओं से करने लगे हैं। उन्होंने कहा इससे हिंदू समाज को गहरी चोट पहुंची है। उन्होंने कहा कि यह एक संगीन मामला है और इसके लिए ना सिर्फ भाजपा को बल्कि स्वयं मोदी जी को जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा देवभूमि उत्तराखंड में ऐसा घिनौना कृत्य कर भाजपा ने अपना घिनौना चेहरा दिखा दिया है। इसके लिए जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही इस बार माफी नहीं मांगी गई तो वह उग्र आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि वह हिंदू समाज की भावनाओं से भाजपा को खेलने नहीं देंगे। भाजपा ने अब तक भी सिर्फ धार्मिक भावनाओं से खेलकर ना सिर्फ समाज को बल्कि पूरे देश को बर्बाद कर दिया है। श्री आनंद ने कहा कि भाजपा का अहंकार उनके सर चढ़कर बोल रहा है जिसके कारण वह स्वयं की तुलना देवी देवताओं से कर रहे हैं उन्होंने फिर चेताया कि यदि शीघ्र ही भाजपा द्वारा कोई माफी नामा नहीं मांगी जाती तो वह इसके खिलाफ न्यायालय की शरण में भी जाएंगे।
उत्तराखंड क्रांति दल के मुख्य केंद्रीय प्रवक्ता सतीश सेमवाल ने कहा कि मंत्री और भाजपा विधायक की ओर से हनुमान चालीसा एवं दुर्गा आरती की तर्ज पर मोदी आरती लांच किया जाना प्रदेश की जनता के साथ मजाक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है, जबकि अस्पतालों में पर्याप्त सुविधाएं नहीं है। मजदूरों की आवाजाही व भोजन के लिए भी सरकार की ओर से उचित व्यवस्था नहीं की गई है। आरोप लगाया कि सरकार के एक मंत्री और विधायक ने चाटुकारिता की सारी हदें लांघ दी।
