उत्तरकाशी |
जनपद में देर रात से हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है | बुधवार सुबह जिला आपात परिचालन केंद्र में बैठक लेते हुए जिलाधिकारी ने बारिश के कारण बन्द राष्ट्रीय राजमार्गों व आंतरिक सड़क मार्गों को तेजी के साथ खोलने के निर्देश एनएच, बीआरओ व लोनिवि को दिए साथ ही पेयजल लाइनों, विद्युत आपूर्ति को युद्ध स्तर पर बहाल करने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने फील्ड अधिकारी एवं कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश देते हुए अपने मोबाइल नम्बर ऑन रखने को कहा है ।
बताते चले कि देर रात भारी बारिश से यमुनावैली में विद्युत आपूर्ति बंद है। चिन्यालीसौड़ में विद्युत पोल के धसाव से सब स्टेशन बंद है कल्याणी,धौन्तरी सब स्टेशन सुरक्षा के दृष्टिगत बन्द किया गया है। लोक निर्माण विभाग की 46 सड़कें बन्द है। बड़ेथी व चिन्यालीसौड़ में पेयजल आपूर्ति बंद है। जिलाधिकारी ने आज सांय तक पेयजल की आपूर्ति व बिजली बहाल करने के निर्देश अधिशासी अभियंता विद्युत व जल संस्थान को दिए।
लगातार हो रही वर्षा के बाद उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ नगर मे जीवन अस्त व्यस्त हो गया है | ज़िंदगीभर की मेहनत से बनाए गए खूब सूरत घरो मे कब मलवा पानी घुस जाय कहा नही जा सकता है, आलम ये है कि उत्तरकाशी मे पिछली दैवी आपदा के बाद रात के समय जान बचाने के लिए भाग रहे एक ही परिवार के तीन लोगो की दर्दनाक मौत के बाद लोग बिजली कड़कने की आवाज के साथ अपने मासूम बच्चो को गोद मे उठाकर रतजगा करने को मजबूर हो गए है |
चिन्यालीसौड़ ग्राम पंचायत तुल्याड़ा मे बाढ़ के रूप मे वर्षा का पानी गलियो और रास्तो से होकर बह रहा है | गाव को जाने वाले रास्ते की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गयी है | जमीन खिसकने से पेय जल और बिजली की लाइन बाधित हो गयी है | आबड़ी कि तरफ मुड़े पानी की धार को ग्रामीणो ने समय रहते पत्थरो की बाड़ लगाकर दूसरी तरफ मोड दिया, जिस कारण गाँव मे आने वाली आफत फिलहाल टल गयी है, किन्तु अगर वर्षा का दौर ऐसे ही जारी रहा तो आबादी की तरफ पानी कि धारा मुड़ कर कोहराम मचा सकती है |
इधर नगर पालिका क्षेत्र चिन्यालीसौड़ के वार्ड न 4 मे भी वर्षा और मलवे के बीच रात भर लोग किसी अनहोनी के डर से अपने परिवार के साथ जागते रहे, घरो के अंदर मलवा – पानी घुस गया है |
स्थानीय लोगो ने बताया कि आबादी के ऊपर बीआरओ निर्मित गंगोत्री हाइवे बाय पास पर मलवे की डम्पिंग के ऊपर लगाए गए रेत – बजारी के ढेर के कारण बरसात ने आपदा का रूप ले लिया | सूचना मिलने के एसडीएम डूँड़ा आकाश जोशी ने मौके पर जेसीबी मशीन और कुछ मजदूरो को भेजा जो आबादी के बीच जमा बोल्डर हटाने के कम मे लगे हुए है |
