नम आंखों से दी सूबेदार निहाल सिंह नेगी को विदाई !
35 बटालियन आई.टी.बी.पी. महिडांडा में तैनात श्रीकोट, बिष्ट पट्टी निवासी सूबेदार निहाल सिंह नेगी को आज उनके पैतृक घाट पर बड़ेथी में सैन्य सम्मान के साथ अन्तिम सलामी दी गई । चंडीगढ़ मे चुनाव ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हे तत्काल अस्पताल मे भर्ती कराया गया पर लाख प्रयास के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी ।

मिली जानकारी के अनुसार विगत 19 फरवरी को चंडीगढ़ में चुनाव ड्यूटी के दौरान ही अचानक सर मे तेज सिर दर्द होने की शिकायत पर जवानों द्वारा उन्हे पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया और उनके परिजनों को भी स्वास्थ्य बिगड़ने की सूचना दे दी गयी थी । परिजन भी आनन-फानन में हास्पिटल पहुंचे, लेकिन उनकी बेहोशी की हालत में कोई सुधार नहीं हो पाया । डॉक्टरों के अथक प्रयास के बावजूद भी स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका । डाक्टरों ने परिजनों को बताया कि ब्रेन हैमरेज की वजह से जवान की मौत हुई है । आई टी बी पी के वाहन से 20 फरवरी की शाम को उनके पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही उनके परिजन और रिश्तेदार बिलख पड़े । सैंकड़ों क्षेत्रवासियों की मौजूदगी में उचित सैन्य सम्मान के साथ आज बडे़थी स्थित पैतृक घाट पर निहाल सिंह नेगी का अंत्येष्टि संस्कार सम्पन्न हुआ। सूबेदार नेगी अपने पीछे दो बेटे और पत्नी को छोड़ गये ।
क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके बलिदान पर गहरा दुःख व्यक्त किया तथा देश और समाज के लिए इसे अपूरणीय क्षति बताया है।
