देहरादून। उत्तराखंड में बीते 24 घंटे में 15 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। छह मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया। सक्रिय मरीजों की संख्या 155 हो गई है। शनिवार को नौ जिलों अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी में एक भी संक्रमित मरीज नहीं मिला है। वहीं हरिद्वार में दो, पिथौरागढ़ में एक, नैनीताल में पांच और देहरादून में सात संक्रमित मरीज मिले हैं।
प्रदेश में अब तक कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या 343891 हो गई है। इनमें से 330186 लोग ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना के चलते अब तक कुल 7400 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदेश की रिकवरी दर 96.01 प्रतिशत और संक्रमण दर 0.13 प्रतिशत दर्ज की गई है।
एसपीएस राजकीय चिकित्साल के स्वास्थ्य कर्मी लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाने में जुटे हुए हैं।
वह असहाय लोगों को घर जाकर वैक्सीन लगा रहे हैं। शनिवार को अस्पताल के नर्सिंग ऑफिसर राहुल सक्सेना ने छोटी सब्जी मंडी में पहुंचकर राकेश उनियाल को कोरोना की वैक्सीन लगाई। इस दौरान उन्होंने उनके लक्की ड्रॉ का कूपन भी भरवाया। स्वास्थ्यकर्मी के सेवा से परिजनों ने उनका आभार व्यक्त किया। राहुल सक्सेना ने बताया कि कोरोना संक्रमण से लड़ने के लिए स्वास्थ्यकर्मी निरंतर प्रयासरत हैं। कोरोना वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज लगाने के लिए जो असहाय और दिव्यांग वैक्सीन सेंटर तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। उन्हें स्वास्थ्य कर्मी उनके घर पर जाकर ही वैक्सीन लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो भी ऐसे लोग हैं, वह फोन पर उनसे संपर्क कर कोरोना वैक्सीन लगा सकते हैं। अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी उनके बताए हुए पते पर पहुंचकर उन्हें वैक्सीन लगाएंगे।
