देहरादून। दीपावली के दौरान आतिशबाजी और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं अलर्ट मोड पर रहीं। दून अस्पताल में त्योहार के दौरान 90 मामले दीपावली से संबंधित थे।
दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) डॉ. आरएस बिष्ट ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि दीपावली के दौरान पटाखों से झुलसने के 40 मामले सामने आए। राहत की बात यह रही कि इनमें किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं थी। सभी को प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया।
दून अस्पताल के एमएस डॉ. आरएस बिष्ट के मुताबिक, दीपावली के दौरान आतिशबाजी से जुड़े मामलों में सबसे अधिक मरीज झुलसने के कारण अस्पताल पहुंचे। कुल 40 लोग पटाखों की चपेट में आकर घायल हुए। इनमें 38 मरीजों के हाथ झुलसे थे, जबकि दो लोगों के चेहरे पर पटाखों की चिंगारी या लपटों की चपेट में आने से चोट आई। दीपावली पर पटाखों से होने वाले हादसों में अलग-अलग आयु वर्ग के लोग घायल हुए। डॉ. बिष्ट के अनुसार, पांच साल से कम उम्र के करीब पांच बच्चे भी झुलसने के बाद अस्पताल पहुंचे। वहीं, 12 साल से कम उम्र के बच्चों की संख्या भी लगभग इतनी ही रही। इसके अलावा किशोर, युवा और वयस्क भी आतिशबाजी के दौरान घायल हुए। इससे साफ है कि पटाखों से होने वाले हादसों का खतरा केवल बच्चों तक सीमित नहीं है, बल्कि बड़े भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। वहीं, 40 बर्न इंजरी के मामलों में 28 पुरुष और 12 महिलाएं शामिल थीं। एमएस डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि पटाखों से झुलसे सभी मरीजों को अस्पताल में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया। इमरजेंसी और प्लास्टिक सर्जरी यूनिट के डॉक्टरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। उपचार के बाद सभी को डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके अलावा पिछले 24 घंटों में करीब 11 लोग सड़क हादसों में घायल होने के बाद अस्पताल पहुंचे। हालांकि, इन हादसों में घायल किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं बताई गई। सभी को समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया।

