25 वर्षों बाद आयोजित महा बन्याथ में उमड़ रहा भक्तों का सैलाब

Share Now

रुद्रप्रयाग। तल्लानागपुर क्षेत्र के चोपता-फलासी में आयोजित ऐतिहासिक महा बन्याथ इन दिनों आस्था, श्रद्धा और भक्ति का विराट केंद्र बना हुआ है। 25 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित हो रहा यह नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर रहा है। सातवें दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जहां दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने यज्ञ में आहुति देकर पुण्य अर्जित किया और देवी-देवताओं के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
इस अवसर पर द्वारिका पीठ के शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वरानन्द महाराज की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की दिव्यता को और बढ़ा दिया। उनके साथ दीक्षा पार्टीज के चेयरमैन कुलदीप रावत ने भी विधिवत पूजा-अर्चना कर सहभागिता निभाई। अपने प्रवचन में शंकराचार्य महाराज ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को धर्म एवं संस्कारों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
आयोजन स्थल पर भक्ति का अनूठा वातावरण देखने को मिल रहा है। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाएं भजन-कीर्तन में लीन हैं, वहीं यज्ञशाला में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्यों द्वारा विधिवत अनुष्ठान संपन्न कराया जा रहा है। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।
महा बन्याथ के अंतर्गत आज आयोजित होने वाली भव्य और दिव्य जल कलश यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस यात्रा में सैकड़ों कन्याएं सिर पर कलश धारण कर विभिन्न मार्गों से होते हुए यज्ञ स्थल तक पहुंची। यात्रा को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह बना हुआ है। तुंगेश्वर मंदिर समिति के अध्यक्ष मानवेन्द्र बर्त्वाल ने बताया कि यह यात्रा इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा, यातायात एवं व्यवस्थाओं को लेकर भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
समिति के सचिव पूर्ण सिंह खत्री ने कहा कि इतने लंबे अंतराल के बाद हो रहा यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा दे रहा है और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों का निरंतर आयोजन होना चाहिए। समापन की ओर बढ़ रहे इस महा आयोजन में हर दिन श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जो इसकी लोकप्रियता और गहरी आस्था का प्रतीक है। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से जल कलश यात्रा में सहभागिता कर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
इस अवसर पर प्रबंधक कल्याण सिंह नेगी, उपाध्यक्ष दलवीर सिंह राणा, सह सचिव मगन सिंह नेगी, पंडित जगदम्बा प्रसाद बेजवाल, त्रिलोचन भट्ट, जिला पंचायत सदस्य सम्पन्न नेगी, गम्भीर बिष्ट, साहित्यकार बलदीप बर्त्वाल, प्रधान हेमा देवी, अखिलेश नेगी, आजाद खत्री, क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश नेगी, पूर्व प्रधान महेन्द्र सिंह नेगी, विनोद रावत, नीरज सिंह नेगी, रणवीर फर्स्वाण, दीपेन्द्र नेगी, सते सिंह नेगी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!