लोक विरासत के संरक्षण का संकल्प, युवा अपनी संस्कृति से जुड़ेंः मुख्यमंत्री

Share Now

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी पहचान, इतिहास, परंपराओं और पूर्वजों के संघर्षों की जीवंत अभिव्यक्ति है। लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक वाद्ययंत्र प्रदेश की सांस्कृतिक आत्मा हैं। इन्हें सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने रविवार को हरिद्वार बाईपास रोड स्थित सोशल बलूनी स्कूल में आयोजित ‘उत्तराखंड लोक विरासत-2026’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक कलाओं, लोकगीतों और लोकनृत्यों के संरक्षण एवं संवर्धन पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जब ढोल-दमाऊं की थाप गूंजती है और पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां होती हैं तो प्रत्येक उत्तराखंडी का मन अपने गांव, घर और मिट्टी की यादों से जुड़ जाता है। हमारी लोक परंपराओं में पहाड़ का जीवन, प्रकृति से जुड़ाव, सामाजिक समरसता और सामूहिकता की भावना समाहित है। लोकगीतों के माध्यम से पूर्वजों की जीवनशैली, संघर्ष और अनुभव पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ते रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को ‘विकास भी, विरासत भी’ का मंत्र दिया है। उनके नेतृत्व में भारत अपनी प्राचीन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान दिलाने के साथ आधुनिक विकास की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्विकास और उज्जैन में महाकाल लोक इसका उदाहरण हैं।
उन्होंने कहा कि इसी भावना के अनुरूप उत्तराखंड सरकार भी अपनी धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में सुविधाओं का विस्तार करने के साथ तीर्थस्थलों की गरिमा के अनुरूप विकास कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने लोक कलाकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जिन्होंने अपना जीवन उत्तराखंड की पारंपरिक कलाओं को समर्पित किया है, उनका सम्मान और सहयोग करना सरकार की जिम्मेदारी है। लोक कलाकार हमारी सांस्कृतिक धरोहर के संवाहक हैं। उनके योगदान से उत्तराखंड की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंची है।
उन्होंने बताया कि लोक कलाकारों की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक छह महीने में उनकी सूची अपडेट की जाती है। कोरोना काल में लगभग 3,200 सूचीबद्ध लोक कलाकारों को प्रतिमाह दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई थी। वर्तमान में पात्र वरिष्ठ एवं अस्वस्थ लोक कलाकारों को प्रतिमाह तीन हजार रुपये पेंशन दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक कलाओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए छह माह की गुरु-शिष्य प्रशिक्षण कार्यशालाएं संचालित की जा रही हैं। इनके माध्यम से युवाओं को अनुभवी लोक कलाकारों से सीधे सीखने का अवसर मिल रहा है। सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ी पुस्तकों के प्रकाशन के लिए आर्थिक सहायता और लोक कलाओं के संरक्षण एवं प्रदर्शन के लिए कला दीर्घाएं भी स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोकभाषाओं, बोलियों और साहित्यिक परंपराओं में हमारी सभ्यता और जीवन दर्शन की अभिव्यक्ति मिलती है। साहित्यकारों को प्रोत्साहित करने के लिए उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान, साहित्य भूषण और लाइफ टाइम अचीवमेंट जैसे पुरस्कार दिए जा रहे हैं। हिंदी और स्थानीय भाषाओं में साहित्यिक पुस्तकों के प्रकाशन के लिए भी अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं और अभिभावकों से अपनी बोली-भाषा को घरों में प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों से स्थानीय भाषा में बातचीत करें, उन्हें गांव की कहानियां सुनाएं और पूर्वजों के अनुभवों से परिचित कराएं। जब घरों में अपनी बोली का प्रयोग होगा, तभी भाषाएं और परंपराएं जीवित रहेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून जैसे निर्णय इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं। सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने, अवैध मजारों एवं अनियमित मदरसों के विरुद्ध कार्रवाई और ऑपरेशन कालनेमि जैसे अभियान भी सरकार की प्राथमिकताओं का हिस्सा हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपने बुजुर्गों से लोकगीत सीखने, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों को रिकॉर्ड करने और सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक अपनाने के साथ सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहना भी जरूरी है। उत्तराखंड की लोक संस्कृति को सहेजना और अगली पीढ़ी तक पहुंचाना ही हमारा विकल्प रहित संकल्प है। कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोकगायक प्रीतम भरतवाण सहित अनेक लोक कलाकार, संस्कृति प्रेमी, स्थानीय नागरिक और युवा उपस्थित रहे। इस दौरान लोकगीतों, पारंपरिक धुनों और लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं।

error: Content is protected !!