ऑपरेशन प्रहार के तहत आईपीएम मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाने का आरोपी गिरफ्तार

Share Now

उधमसिंहनगर। जिले के  ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार, बीती रात उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए वाहनों की तलाश ले रहे थे। इसी दौरान एसओजी टीम के जवानों ने सूचना दी कि सिडकुल आनंदपुर रोड स्थित धर्मकांटे के पास एक व्यक्ति सफेद रंग की होंडा सिटी कार में बैठकर आईपीएल मैच पर अवैध सट्टा चला रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। धर्मकांटे से कुछ दूरी पर संदिग्ध कार खड़ी दिखाई दी, जिसके अंदर लाइट जल रही थी और एक व्यक्ति लैपटॉप पर काम करता नजर आया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रंजीत सिंह सैनी पुत्र वीर सिंह सैनी निवासी पालम कॉलोनी, नई दिल्ली बताया. जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो कार के अंदर एक लैपटॉप चालू हालत में मिला। जिसमें आईपीएल मैच से संबंधित सट्टे का पूरा रिकॉर्ड मौजूद था। लैपटॉप में ग्राहकों के नाम, टीमों के नाम, रेट, रकम और जीत-हार का हिसाब दर्ज था।
इसके अलावा कार से अलग-अलग कंपनियों के पांच मोबाइल फोन भी बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, कुछ मोबाइल फोन में सट्टेबाजी से जुड़े वॉयस मैसेज, व्हाट्सएप चैट और ऑनलाइन पैसों के लेन-देन के स्क्रीनशॉट भी मिले हैं। तलाशी के दौरान एक बैग से कैसियो कंपनी का कैलकुलेटर, लैपटॉप चार्जर और 92 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि यह रकम सट्टेबाजी से कमाई गई धनराशि है।
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी से पूछताछ की, जिसमें उसने स्वीकार किया कि वह आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाता है और मोबाइल फोन और लैपटॉप का इस्तेमाल इसी काम के लिए करता है. आरोपी के कब्जे से बरामद होंडा सिटी कार को भी पुलिस ने सीज कर लिया है। ट्रांजिट कैंप कोतवाली के उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र ने बताया कि मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!