प्रशासन और पत्रकार मिलकर बनाएंगे ‘नया टिहरी’

Share Now

डीएम टिहरी ने प्रेसवार्ता में पत्रकारों से साझा किया विकास का विजन

नई टिहरी।
जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल ने मंगलवार को जिला सभागार, नई टिहरी में प्रेसवार्ता के माध्यम से मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित किया। बैठक में न्यू टिहरी प्रेस क्लब के अध्यक्ष समेत कई पत्रकारों ने भाग लिया और जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

इस अवसर पर डीएम खंडेलवाल ने कहा कि जनपद के समग्र विकास और जनसेवा को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता को सरकारी सेवाओं का लाभ सरल और सुगम तरीके से मिले, इसके लिए प्रक्रियाओं को और पारदर्शी तथा सुगठित बनाया जाएगा।

डीएम ने मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे रीप (RIP), स्वयं सहायता समूह (SHG) जैसी परियोजनाओं को धरातल पर लाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ तभी संभव है जब सूचनाएं सही समय पर और सही माध्यम से आमजन तक पहुंचें — इसमें मीडिया की भूमिका सबसे अहम है।

उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ बताते हुए कहा कि पत्रकार प्रशासन के आंख और कान की तरह काम करते हैं। आपदा की स्थिति में समय से सूचना देना और प्रशासन को सहयोग देना, हम सभी का नैतिक दायित्व है।

डीएम खंडेलवाल ने पत्रकारों से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने मीडिया संस्थानों के माध्यम से सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और अभियानों को व्यापक स्तर पर प्रसारित करें। विशेष रूप से प्लास्टिक मुक्त अभियान, स्वच्छता, ट्रैफिक व्यवस्था और पर्यटन जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि टिहरी की ऐतिहासिक और प्राकृतिक विशेषताओं को देखते हुए यहां पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। जिले को एक टूरिज्म हब के रूप में विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

प्रेसवार्ता के अंत में जिलाधिकारी ने पत्रकारों से जिले की समस्याओं को उजागर करने और समाधान हेतु रचनात्मक सुझाव देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन और मीडिया के समन्वय से टिहरी को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

– Meru Raibar News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!