विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही तीरथ सिह सरकार को आई जनता दरबार की यादः नवीन जोशी

Share Now

देहरादून। कांग्रेस पार्टी ने उत्तराखण्ड की भाजपा सरकार के जनता दरबार के फैसले को राजनैतिक डरामेबाजी करार दिया है। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री नवीन जोशी ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की तीरथ सिह रावत सरकार ने एक बार फिर से जनता दरबार लगाने की घोषणा की है जो कि राजनैतिक डरामेबाजी से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि त्रिवेन्द्र सिंह रावत सरकार के जनता दरबार का हश्र जनता देख चुकी है। जहां अपनी समस्या के समाधान के लिए मंत्री जी के जनता दरबार में गये हल्द्वानी के एक व्यापारी को जहर तक खाना पड़ गया था वहीं अपनी समस्या सुनाने मुख्यमंत्री के जनता दरबार में गई महिला शिक्षिका को किस तरह जलील किया गया यह किसी से छुपा नही है। उन्होंने कहा कि अब विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और भाजपा सरकार के पास जनता को बताने के लिए कोई भी विकास का काम नहीं है तो वह जनता दरबार की डरामेबाजी कर रही है।
नवीन जोशी ने कहा कि जब साढे चार साल में प्रदेश की जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया तो अब जनता दरबार से क्या भला हो जायेगा। उल्टे जनता को कोरोना की इस महामारी में अपना समय खराब करना पडेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का एक भी मंत्री पिछले एक वर्ष के कार्यकाल में अपने प्रभार वाले जनपदों तक का भ्रमण नहीं कर पाया और न ही वहां के लोगों को कोरोना महामारी मे हो रही परेशानी से उबार पाया ऐसे में जनता दरबार हास्यास्पद तथा राजनैतिक डरामेबाजी के अलावा कुछ नहीं है। चुनाव नजदीक आते ही भाजपा सरकार को जनता की समस्यायें नजर आने लगी हैं तथा अपनी खामियों को छुपाने के लिए सरकार इस प्रकार के शिगूफे छोड रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी में भाजपा की प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल रही है। प्रदेश की निकम्मी सरकार की नाकामी की वजह से हजारों लोगों को अपनी जान से हाथ धोने पडे हैं। आज हजारों लोगों को रजिस्ट्रेशन के उपरान्त भी वैक्सिनेशन नहीं हो पा रहा है। ऐसी निकम्मी व नाकारा सरकार को प्रदेश की जनता आने वाले विधानसभा चुनाव मे जरूर सबक सिखायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!