चमोली। विकासखंड पोखरी की ग्राम पंचायत काण्डई चंद्रशिला में बंदरों और लगूरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार सुबह प्राथमिक विद्यालय काण्डई चंद्रशिला में तैनात सहायक अध्यापिका पूजा चैधरी पर एक लगूर ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
ग्राम प्रधान भगत सिंह भंडारी ने बताया कि पूजा चैधरी सुबह विद्यालय पहुंची ही थीं कि विद्यालय परिसर में आड़ू के पेड़ पर बैठे लगूरों के झुंड में से एक लगूर ने अचानक उन पर हमला कर दिया। लगूर ने उनके बाल खींचे और बाएं कंधे पर नाखून मार दिए, जिससे वह गिरकर घायल हो गईं। विद्यालय में मौजूद दूसरी सहायक अध्यापिका, स्कूली बच्चों, भोजन माताओं तथा आसपास के ग्रामीणों के शोर मचाने पर लगूर वहां से भाग गया।
घटना के तुरंत बाद उनके पति बृजेंद्र चैधरी उन्हें उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के साथ रैबीज रोधी इंजेक्शन लगाया और निर्धारित अवधि के अनुसार शेष टीके लगवाने की सलाह देकर उन्हें घर भेज दिया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों और लगूरों के झुंड लंबे समय से खेती-बाड़ी को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि महिलाएं और बच्चे अकेले घर से बाहर निकलने में भी भय महसूस कर रहे हैं।
ग्राम प्रधान भगत सिंह भंडारी सहित ग्रामीणों ने केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की नागनाथ रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं को पत्र भेजकर क्षेत्र को बंदरों और लगूरों के आतंक से मुक्त कराने तथा शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं ने बताया कि सूचना मिलते ही विभागीय कर्मचारियों की टीम को ग्राम पंचायत काण्डई चंद्रशिला भेजा जा रहा है। स्थिति का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।