व्यापार मंडल ने किया निगम प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन

Share Now

रुद्रपुर। मुख्य बाजार में शौचालय और नाले नालियों की बदहाली को लेकर व्यापार मंडल ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर धरना दिया। इस दौरान मेयर और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गयी।
व्यापारियों ने समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी। सोमवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में व्यापारी मुख्य बाजार में एकत्र हुए। उन्होंने निगम प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर धरना दिया। व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्य बाजार की बदहाल सफाई व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त की। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि शहर के मुख्य बाजार का हृदय स्थल भगत सिंह चैक समेत बाजार गंदगी से पटा हुआ है। यहां पर स्थित शौचालय की हालत यह है कि इसका गंदा पानी नालियों से बाहर निकल रहा है जिससे आस पास दुर्गंध के कारण व्यापारियों का दुकानों में बैठना भी दुश्वार हो गया है। दो तीन साल पहले हाईकोर्ट के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने के बाद निगम ने बाजार में नालों का निर्माण किया था तब से एक बार भी इनकी सफाई नहीं हुयी है जिसके चलते मुख्य बाजार की नालियां चोक है। गंदा पानी दुकानों के बाहर जमा हो रहा है। जिस कारण व्यापारी काम धंधा नहीं कर पा रहे हैं।
महामंत्री हरीश अरोड़ा ने कहा कि शहर में नगर निगम की लापरवाही के कारण पूर्व में भी बाढ़ के चलते व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। इस बार बाढ़ आयी तो स्थिति और भी गंभीर होगी। वक्ताओं ने कहा कि मेयर निगम को चलाने में नाकाम साबित हो रहे हैं उन्हें पद छोड़ देना चाहिए। मुख्य नगर अधिकारी भी व्यापारियों की समस्याओं का समाधान नहीं कर पा रहे। कहा कि जल्द ही नाले नालियों की सफाई और शौचालय को दुरूस्त नहीं किया गया तो नगर निगम के खिलाफ व्यापक आंदोलन किया जायेगा। इस दौरान अशोक मखीजा,इंद्रजीत सिंह,पवन गाबा पल्ली, गुड्डू, रमेश पाल, अरविंद कुमार, संजय सागर आदि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

error: Content is protected !!